हिसार | अगर आप हरियाणा के स्वास्थ्य विभाग में कार्यरत कर्मचारी हैं, तो आज की यह खबर आपके लिए अहम है. दरअसल, प्रदेश की स्वास्थ्य एवं परिवार कल्याण मंत्री आरती सिंह राव द्वारा स्वास्थ्य विभाग के सभी कर्मचारियों और अधिकारियों के लिए एक नई प्रणाली को लागू करने का ऐलान किया गया है. इससे विभाग की कार्यप्रणाली में सुधार की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम माना जा रहा है.
NHM ने किया नया सिस्टम तैयार
राज्य की स्वास्थ्य मंत्री ने कहा कि राष्ट्रीय स्वास्थ्य मिशन (NHM) हरियाणा द्वारा यह नई प्रणाली विकसित की गई है. इसके तहत, कर्मचारियों और अधिकारियों को जिओ फेसिंग आधारित अटेंडेंस मैनेजमेंट सिस्टम के साथ जोड़ा जाएगा. यह नई प्रणाली विभागीय प्रबंधन में जवाबदेही और पारदर्शिता बढ़ाने का काम करेगी. इससे विभाग की कार्य क्षमता में वृद्धि होगी और आम जनता को होने वाली परेशानियां भी कम होंगी.
एप से जोड़ा जाएगा स्टाफ
उन्होंने जानकारी दी कि इन कर्मचारियों को ‘जियोफेस्ड अटेंडेंस एचआरवाई’ एप से जोड़ा जाएगा. इन्हें इस एप को अपने मोबाइल फ़ोन में डाउनलोड करना होगा. इसे एंड्रॉयड यूजर्स गूगल प्ले स्टोर और आईओएस यूजर्स एपल एप स्टोर से डाउनलोड कर सकते हैं.
