हिसार | हरियाणा के हिसार जिले से एक चौंकाने वाला मामला सामने आया है जिसे सुनकर हर कोई हैरत में पड़ रहा है. यहां पिछले साल मार्च महीने में एक युवती की शादी एक युवक के साथ हुई थी. शादी में युवती के परिजनों ने अपनी हैसियत के हिसाब से दान-दहेज दिया था लेकिन शादी में कम दहेज लाने की बात को लेकर उक्त युवक ने अपनी ही पत्नी को बहन बोलना शुरू कर दिया और उससे दूरी बना ली.
पुलिस में दर्ज हुई रिपोर्ट
पीड़ित युवती ने बताया कि ससुराल पक्ष द्वारा बार- बार दहेज में मोटरसाइकिल और सोने के कड़े की मांग की जाने लगी. इस मांग को पूरा न करने पर पति बहन कहकर बुलाने लगा और फिर उसके साथ मारपीट करता. अब इस संबंध में आजाद नगर थाने में शिकायत दर्ज कराई गई है. वहीं, पुलिस ने शिकायत के आधार पर आरोपित पति के खिलाफ विभिन्न धाराओं के तहत मुकदमा दर्ज कर लिया है.
लड़ाई- झगड़ा होना शुरू
पुलिस को दी गई शिकायत में पीड़िता ने कहा कि पिछले साल 21 मार्च को परिजनों के हिसाब से एक युवक के साथ शादी हुई थी. उक्त युवक की बहन के साथ मेरे भाई की शादी हुई थी. शादी के दौरान दान- दहेज सहित अन्य काफी खर्चा हुआ था. शादी के मात्र 2 दिन बाद ही पति ने मुझे बहन बुलाना शुरू कर दिया और कहा कि बहन मुझसे गलती हो गई. दहेज की मांग को लेकर लड़ाई- झगड़ा होना शुरू हो गया.
उसने कहा कि जब तक मोटरसाइकिल और सोने के कड़े की मांग पूरी नहीं होगी वह दूरी बनाकर रखेगा. पत्नी का दर्जा नहीं दूंगा और बहन कहकर बुलाता रहूंगा. इस संबंध में कई बार दोनों पक्षों के बीच पंचायत भी हुई लेकिन उसके बाद भी पति ने मुझे अपनाने से इंकार कर दिया. विरोध करने पर मेरे साथ मारपीट करने लगा. जिससे परेशान होकर अब उन्होंने पुलिस में शिकायत दर्ज कराई है.
