हिसार | सिविल अस्पताल हिसार में जल्द ही मैग्नेटिक रिसोर्सेस इमेजिंग (MRI) की सुविधा शुरू हो सकती है. डीजी हेल्थ डॉ. मनीष बसंल ने सिविल अस्पताल में MRI की सुविधा शुरू करने के लिए फाइल को मुख्यमंत्री कार्यालय भेजा है, जिस पर मंजूरी का इंतजार है. जैसे ही सरकार की ओर से उपरोक्त प्रपोजल पर मुहर लगाई जाएगी वैसे ही MRI की सुविधा को सिविल अस्पताल में शुरू कर दिया जाएगा.

रोहतक PGI की भागदौड़ खत्म
इससे सीधे तौर पर मरीजों और उनके परिजनों को फायदा पहुंचेगा. इससे फायदा यह होगा कि अस्पताल में आने वाले मरीजों को रियायती व निशुल्क रूप से MRI की सुविधा प्राप्त करने के लिए 100 किलोमीटर दूर रोहतक PGI तक का सफर नहीं तय करना पड़ेगा और न ही प्राइवेट अस्पतालों में जाकर जेब ढीली करनी पड़ेंगी.
हजारों रुपए की होगी बचत
गरीब परिवार से जुड़े मरीज जो प्राइवेट अस्पताल में जाकर MRI की सुविधा प्राप्त नहीं कर सकते हैं, उन्हें 100 किलोमीटर दूर रोहतक पीजीआई जाना पड़ता है. जहां मरीज को 250 रुपये से लेकर 3 हजार रुपये तक का भुगतान करना पड़ता है. ऐसे में मरीजों व तीमारदारों को भागदौड़ करने पर मजबूर होना पड़ता है, जोकि हर मरीज के लिए संभव नहीं है.
क्या होती है MRI?
मस्तिष्क, रीढ़ की हड्डी, जोड़, पेट, पेल्विक क्षेत्र, स्तन, रक्त वाहिकाएं और हृदय से संबंधित रोगों से जूझ रहे मरीजों की गहनता से जांच करने के लिए MRI सुविधा प्रदान की जाती है. इससे डाक्टरों को मरीज की बीमारी जल्दी से पकड़ में आ जाती है, जिससे बिना देरी किए मरीज का इलाज शुरू कर दिया जाता है. यह तकनीक मजबूत चुंबकीय क्षेत्र और रेडियो तरंगों का उपयोग करके शरीर की अत्यधिक स्पष्ट तस्वीरें तैयार करती है. इससे चिकित्सकों को रोग की सटीक जानकारी प्राप्त होती है और मरीज का उपचार समय रहते प्रभावी ढंग से शुरू किया जा सकता है.