हिसार | हरियाणा में रेलयात्रियों के लिए एक और अच्छी खबर सामने आई है. हिसार जिले को चंडीगढ़ के लिए सीधी रेल सेवा की सौगात मिली है. यह ट्रेन बरवाला और उकलाना होते हुए आवागमन करेगी, जिससे इन इलाकों के लोगों को भी फायदा पहुंचेगा. हिसार से चंडीगढ़ (Hisar to Chandigarh) के बीच सीधी रेल सेवा की 18 मई से शुरूआत हो रही है.
हिसार तक विस्तार
उकलाना रेलवे स्टेशन अधीक्षक हरि भजन ने बताया कि रेलवे बोर्ड ने ट्रेन नंबर 64563/64, अंबाला- अंब अंदौरा- अंबाला ईएमयू ट्रेन का रायपुर रेलवे स्टेशन (हिसार) तक विस्तार कर दिया है. इस ट्रेन के जरिए न केवल बरवाला और उकलाना को चंडीगढ़ तक सीधी कनेक्टिविटी मिलेगी, बल्कि कई धार्मिक और सांस्कृतिक रूप से महत्वपूर्ण स्थानों तक पहुंच भी आसान हो जाएगी.
यह रहेगा शेड्यूल
यह ट्रेन रायपुर (हिसार) से रात 02:25 बजे रवाना होकर बरवाला (2:43 बजे), उकलाना (2:58 बजे), जाखल (3:40- 3:50 बजे), नरवाना (4:20- 4:35 बजे), कैथल (5 बजे), कुरुक्षेत्र (5:45-6:00 बजे), अम्बाला (7:20- 7:30 बजे), चंडीगढ़ (8:55- 9:03 बजे), मोहाली (9:16 बजे), रोपड़ (10:26 बजे), नंगल डैम (11:35 बजे), ऊना हिमाचल (11:58 बजे) होते हुए दोपहर 12:40 बजे अंब अंदौरा पहुंचेगी.
इसी तरह वापसी में यह ट्रेन दोपहर 3 बजे अंब अंदौरा से रवाना होकर ऊना हिमाचल (3:28 बजे), नंगल डैम (4 बजे), रोपड़ (5:02 बजे), मोहाली (6:01 बजे), चंडीगढ़ (6:25- 6:35 बजे), अम्बाला (7:25-7:35 बजे), कुरुक्षेत्र (8:15- 8:20 बजे), कैथल (8:56 बजे), नरवाना (9:50- 9:55 बजे), जाखल (11:15- 11:20 बजे), उकलाना (11:56 बजे), बरवाला (12:18 बजे) होते हुए रात 1:05 बजे रायपुर हिसार पहुंचेगी.
इन धार्मिक स्थलों तक मिलेगी पहुंच
इस ट्रेन सेवा से हिसार और आसपास के क्षेत्र के लोगों को चंडीगढ़ तक सीधी कनेक्टिविटी मिलेगी. साथ ही, लोग धार्मिक महत्व के स्थानों जैसे कुरुक्षेत्र, नैना देवी, मनसा देवी, शाहतलाई, श्री आनंदपुर साहिब, कीरतपुर साहिब, श्री फतेहगढ़ साहिब, चमकौर साहिब और श्री खुरालगढ़ साहिब के दर्शन भी आसानी से कर सकेंगे.
