खुशखबरी: हिसार में इस रेलवे फाटक पर बनेगा नया अंडरब्रिज, एक्स्ट्रा दूरी तय करने से मिलेगा छुटकारा

हिसार | हरियाणा के हिसार जिले से वाहन चालकों के लिए एक अच्छी खबर सामने आई है. यहां गंगवा से कैमरी के बीच रेलवे क्रॉसिंग पर रेल फाटक की बाधा अब जल्द ही दूर होने वाली है. लोक निर्माण विभाग (PWD) ने यहां अंडरपास (RUB) बनाने की तैयारियां तेज कर दी है.

Rail Underpass

हिसार में बेहद खास तरीके से बनेगा RUB

विभाग ने इस प्रोजेक्ट के लिए संशोधित जनरल अरेंजमेंट ड्राइंग (GAD) तैयार कर ली है, जिसे मंजूरी के लिए जल्द ही मुख्यालय भेजा जाएगा. वहां से हरी झंडी मिलते ही इसे अंतिम स्वीकृति के लिए रेलवे बोर्ड को भेजा जाएगा. इंजीनियरिंग की दृष्टि से इस RUB को खास तरीके से डिजाइन किया गया है.

PWD के एक अधिकारी ने बताया कि इसे ‘पुशिंग मेथड’ तकनीक से तैयार किया जाएगा ताकि रेल यातायात कम से कम प्रभावित हो. इस बार डिजाइन में बदलाव करते हुए बॉक्स की संख्या को कम रखा गया है जिससे स्ट्रक्चर अधिक मजबूत और सुगम रहेगा.

अक्सर देखा जाता है कि अंडरपास में बारिश का पानी भर जाता है, जिससे आवागमन ठप हो जाता है लेकिन इस RUB में ड्रेनेज का खास ख्याल रखा गया है. इससे RUB से गुजरने वालों को परेशानियों का सामना नहीं करना पड़ेगा.

आसपास के गांवों की डगर होगी आसान

इस RUB के बनने से गंगवा, कैमरी, हरिकोट, मंगाली, सिंघरान व आसपास के गांव की हजारों की आबादी को सीधा फायदा पहुंचेगा. वर्तमान में ट्रेन आने के समय फाटक बंद होने के कारण लोगों को आधे घंटे तक इंतजार करना पड़ता है. विशेषकर इमरजेंसी और मेडिकल मामले में यह फाटक बड़ी मुसीबत बन जाती है. अब RUB निर्माण के बाद वाहन बिना रुके रेलवे लाइन के नीचे से गुजर सकेंगे. हिसार व राजगढ़ रोड पर आने के लिए उन्हें कई बार फाटक बंद होने के चलते 5 किलोमीटर तक अतिरिक्त दूरी तय करना पड़ती है. परंतु अब इस समस्या से निजात मिलेगी.

यह होगी नई व्यवस्था

  • पानी निकासी के लिए आधुनिक सैंपवेल बनाया जाएगा.
  • बारिश का पानी सीधे अंदर न जाए, इसके लिए RUB के प्रवेश द्वारों पर शेड लगाए जाएंगे.
  • जमीन के अंदरूनी पानी को रोकने के लिए विशेष तकनीक का इस्तेमाल होगा.
Avatar of Ajay Sehrawat
Ajay Sehrawat
View all posts

मेरा नाम अजय सहरावत है. मीडिया जगत में पिछले 6 साल से काम कर रहा हूँ. बीते साढ़े 5 साल से Haryana E Khabar डिजिटल न्यूज़ वेबसाइट के लिए बतौर कंटेंट राइटर के पद पर काम कर रहा हूँ.