हिसार | हरियाणा के हिसार शहर में नए साल का स्वागत बेहद ही खास तरीके से करने की तैयारियां शुरू हो चुकी है. यहां नव वर्ष 2026 का स्वागत दूध महोत्सव के साथ किया जाएगा. 1 जनवरी को सुबह 5 बजे से इस कार्यक्रम की शुरुआत हो जाएगी.
हिसार में दूध और जलेबियों का चखेंगे स्वाद
इस कार्यक्रम की आयोजन समिति ने बताया कि नए साल पर दूध महोत्सव कार्यक्रम के तहत लगभग 1400 लीटर गर्मागर्म दूध और 15 टिन देशी घी से बनी जलेबियां प्रसाद के रूप में वितरित की जाएगी. इस पहल का उद्देश्य समाज को नशामुक्ति, बेहतर स्वास्थ्य और सकारात्मक जीवनशैली का संदेश देना है. इससे लोगों में एक अच्छी सामाजिक पहल का सकारात्मक संदेश जाएगा.
इन जगहों पर बटेंगी जलेबियां
सामाजिक समिति के सदस्यों ने बताया कि दूध महोत्सव कार्यक्रम का आयोजन हिसार शहर में 4 जगहों पर किया जाएगा. ये जगह जिंदल अस्पताल के पास, दूसरी मधुबन पार्क के सामने, तीसरा HAU के गेट नंबर- 2 के सामने और चौथी जगह गांव डोभी का बस स्टैंड रहेगी.
इन सदस्यों ने कहा कि नए साल की शुरुआत जंक फूड और नशे की बजाय पौष्टिकता से भरपूर भोजन और अच्छे संकल्पों के साथ होनी चाहिए. आज की युवा पीढ़ी गलत खान- पान और जीवनशैली का शिकार बनती जा रही है. ऐसे में युवा पीढ़ी को जागरूक करने के लिए इस तरह के सामाजिक कार्यक्रम का आयोजन बेहद जरूरी हो गया है. समिति सदस्य आशीष ने हिसार शहर के लोगों से आग्रह करते हुए कहा कि वे अपने परिवार के साथ दूध महोत्सव में शामिल होकर एक स्वस्थ नए साल का आगाज करें. अपने बच्चों को दूध और जलेबी जैसे पौष्टिक आहार खिलाएं और उन्हें इनका महत्व बताएं.
