हिसार | डॉ भीमराव अम्बेडकर जयंती पर हरियाणा (Haryana) के इकलौते हिसार स्थित महाराजा अग्रसेन एयरपोर्ट से कमर्शियल हवाई सेवा की शुरुआत हो चुकी है. प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने हिसार से अयोध्या के लिए हवाई सेवा को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया. अयोध्या और दिल्ली के लिए हवाई सेवा शुरू होने पर अब हिसार एयरपोर्ट से हवाई सेवा के विस्तार की तैयारियां शुरू हो चुकी है.
ATC को भेजा प्रस्ताव
नागरिक उड्डयन विभाग के एक अधिकारी ने बताया कि इसी सप्ताह से हिसार एयरपोर्ट से जयपुर और चंडीगढ़ के लिए सीधी हवाई सेवा की शुरुआत होने जा रही है. सप्ताह में 3- 3 दिन के लिए यह फ्लाइट शुरू की जा सकती है. इसके लिए प्रस्ताव तैयार कर एयर ट्रैफिक कंट्रोल (ATC) को भेजा गया है. आने वाले 2 से 3 दिन में टाइम शेड्यूल की पुष्टि हो सकती है.
इन दोनों शहरों के लिए भी हवाई उड़ान अयोध्या की तर्ज पर ही शुरू की जाएगी. यानि फ्लाइट पहले हिसार से संबंधित शहर तक जाएगी और फिर उसी दिन वापसी रहेगी. इस हवाई सेवा का संचालन भी एलायंस एयर कंपनी द्वारा ही किया जाएगा. इन हवाई सेवाओं को सीएम नायब सैनी हरी झंडी दिखाकर रवाना करेंगे.
मई महीने में खुलेंगे यह रूट
नागरिक उड्डयन विभाग ने मई महीने में हिसार से अहमदाबाद और जम्मू के लिए भी सीधी हवाई सेवा शुरू करने की योजना बनाई है. इस संबंध में तैयारियां जोरों पर है और विभागीय अधिकारी संभावनाओं पर विचार कर रहे हैं. बता दें कि हिसार के महाराजा अग्रसेन एयरपोर्ट को अब पूरी तरह से एयरपोर्ट ऑथोरिटी ऑफ इंडिया (AAI) के हवाले कर दिया गया है. इससे जुड़े सभी निर्णय और संचालन का कार्य अब AAI के नियंत्रण में रहेगा.
