खुशखबरी: हिसार शहर को ट्रैफिक जाम से मिलेगा छुटकारा, यहां पर बनेगा एक और नया रेलवे ओवरब्रिज

हिसार | हरियाणा के हिसार शहर में ट्रैफिक संचालन को सुगम बनाने की दिशा में निरंतर नए प्रयास किए जा रहे हैं. इसी कड़ी में शहर की लाइफलाइन माने जाने वाले जिंदल पुल पर लगने वाले ट्रैफिक जाम से निजात दिलाने के लिए इस पुल के साथ एक और नया पुल बनाने की कवायद शुरू कर दी है. विभाग ने फिजिबिलिटी रिपोर्ट के बाद इसका डिजाइन तैयार करने के लिए कंसलटेंट नियुक्त करने के लिए मुख्यालय से अनुमति मांगी है.

Traffic Car Road Sadak Bridge

जिंदल पुल के समानांतर बनेगा नया पुल

अनुमति मिलने के साथ कंसलटेंसी इस रेलवे ओवरब्रिज के साथ- साथ डाबड़ा चौक पुल की तरह एक और रेलवे ओवरब्रिज (ROB) बनाने को लेकर डिजाइन तैयार करेगी. अभी पुल की लंबाई- चौड़ाई व डिजाइन तय नहीं है. पुराने पुल के समानांतर इसी तरह का पुल निर्माण की विभाग की योजना है. यहां पर नए पुल के निर्माण से वाहनों के लिए आवाजाही आसान हो जाएगी. एक पुल से वाहन आएंगे और दूसरे पुल से वाहन जाएंगे. इससे वन- वे ट्रैफिक या लेन सिस्टम लागू करना आसान होगा जिससे दिनभर लगने वाले जाम से शहरवासियों को निजात मिल सकेगी.

इसलिए नए पुल की जरूरत

शहर में दिल्ली रोड से हांसी की तरफ आवागमन के लिए जिंदल पुल सीधा रास्ता है. फिलहाल जिंदल पुल पर वाहनों का दबाव क्षमता से कहीं अधिक बढ़ गया है. सुबह और शाम के पीक ऑवर्स में यहां लंबा ट्रैफिक जाम लगना आम बात हो गई है. इससे न केवल समय की बर्बादी होती है बल्कि एम्बुलेंस जैसी आपातकालीन सेवाओं को भी परेशानी का सामना करना पड़ता है.

यह भी पढ़े -  'मंकी मैन' बनकर कमाएं पैसे, हिसार नगर निगम देगा पैसे; लापरवाही पर होगा एक्शन

यहां ओल्ड इंडस्ट्रियल एरिया व जिंदल ग्रुप की इंडस्ट्रीज होने के चलते लगातार बड़े वाहनों का आवागमन रहता है. भारी वाहनों के साथ यहां दूसरे वाहनों की क्रॉसिंग नहीं हो पाती. ऐसे में यहां अक्सर ट्रैफिक जाम की स्थिति बनी रहती हैं. साथ ही, यहां हादसों का भय भी बना रहता है इसलिए यहां नए पुल निर्माण की बेहद आवश्यकता है ताकि ट्रैफिक संचालन को सुगम बनाने में मदद मिल सके.

Avatar of Ajay Sehrawat
Ajay Sehrawat
View all posts

मेरा नाम अजय सहरावत है. मीडिया जगत में पिछले 6 साल से काम कर रहा हूँ. बीते साढ़े 5 साल से Haryana E Khabar डिजिटल न्यूज़ वेबसाइट के लिए बतौर कंटेंट राइटर के पद पर काम कर रहा हूँ.