हिसार के ट्रैफिक जाम का होगा स्थायी इलाज, सिरसा चुंगी पर बनेगा 6- लेन फ्लाईओवर

हिसार | नेशनल हाईवे- 9 पर सिरसा चुंगी से बगला रोड तक ट्रैफिक जाम और सड़क हादसों की समस्या दूर करने के लिए 2 किलोमीटर लंबे मेगा फ्लाईओवर का प्रस्ताव अब तेजी से आगे बढ़ रहा है. लंबे समय से चर्चा में रही इस परियोजना पर भारतीय राष्ट्रीय राजमार्ग प्राधिकरण (NHAI) ने काम शुरू कर दिया है. पहले चरण में विस्तृत सर्वेक्षण, जियोटेक्निकल जांच, ट्रैफिक स्टडी, कार्यकारी ड्रॉइंग और व्यवहार्यता अध्ययन किया जा रहा है. इसके आधार पर DPR और अंतिम लागत का अनुमान तैयार किया जाएगा.

Flyover Bridge 1

प्रस्तावित फ्लाईओवर की शुरुआत ब्लू बर्ड झील के पास से होगी और यह बगला रोड तक जाएगा. इसे 6-लेन डबल फ्लाईओवर के रूप में विकसित किया जाएगा. इसके दोनों ओर चौड़ी सर्विस रोड भी बनाई जाएंगी.

हादसे होंगे कम

यह परियोजना सिरसा चुंगी और बगला रोड जंक्शन पर होने वाले सड़क हादसों को कम करने में अहम भूमिका निभाएगी. इन दोनों स्थानों को पहले ही ब्लैक स्पॉट घोषित किया जा चुका है. फ्लाईओवर बनने के बाद सिरसा की ओर से आने वाले वाहन बिना किसी कट या ट्रैफिक सिग्नल के सीधे दिल्ली की दिशा में जा सकेंगे, जिससे ट्रैफिक जाम में भी बड़ी कमी आने की उम्मीद है. परियोजना के तहत सिरसा चुंगी पर आधुनिक गोलचक्कर भी विकसित किया जाएगा.

यह भी पढ़े -  हिसार से जम्मू- अहमदाबाद की सीधी उड़ान, 27 अक्टूबर से होगी शुरू; जानें पूरा शेड्यूल

इसका डिजाइन हांसी बाइपास स्थित मल्टी- लेवल फ्लाईओवर की तर्ज पर तैयार किया जा रहा है. इस गोलचक्कर के माध्यम से सेक्टर- 14 और 33 के लिए प्रस्तावित नई सड़क, बस स्टैंड से आने वाला मुख्य मार्ग, बगला रोड और हाउसिंग बोर्ड कॉलोनी रोड को आपस में जोड़ा जाएगा.

विकसित हिसार विज़न- 2029

लोक निर्माण एवं जन स्वास्थ्य अभियांत्रिकी मंत्री रणबीर गंगवा की पहल पर इस परियोजना को ‘विकसित हिसार विज़न- 2029’ के तहत शामिल किया गया है. उन्होंने NHAI की समीक्षा बैठक में सिरसा चुंगी जंक्शन को प्रमुख ब्लैक स्पॉट बताते हुए इसे प्राथमिकता वाले प्रोजेक्ट्स में शामिल करवाया. साथ ही केंद्रीय सड़क परिवहन एवं राजमार्ग मंत्री नितिन गडकरी को भी इस परियोजना की जानकारी दी गई. केंद्रीय स्तर पर सहमति मिलने के बाद अब इसकी तकनीकी प्रक्रिया पर तेजी से काम किया जा रहा है.

Avatar of Sanjukta Pandit
Sanjukta Pandit
View all posts

मेरा नाम संयुक्ता पंडित है. मै हरियाणा ई खबर में बतौर एडिटर के पोस्ट पर लगभग 4 सालों से काम रही हूँ. मेरी हमेशा कोशिश रहती है आप लोगो तक ब्रेकिंग न्यूज़ जल्द से जल्द अपडेट करूं और न्यूज़ में कोई व्याकरण की गलती न हो.