हिसार | हरियाणा के हिसार स्थित महाराजा अग्रसेन जिला नागरिक अस्पताल को शहर से बाहर शिफ्ट करने की चर्चाओं ने जोर पकड़ लिया है. इसके लिए हिसार एयरपोर्ट के पास भूमि चिह्नित की गई है और अगले साल सिविल अस्पताल की नई बिल्डिंग बनाने का काम शुरू हो सकता है. इस संबंध में प्रस्ताव प्रशासन के पास भेजा जा चुका है और उम्मीद है कि जल्द ही इसे मंजूरी प्रदान की जाएगी.

300 बेड का होगा नया अस्पताल
बता दें कि जिला सिविल अस्पताल की नई बिल्डिंग में 300 बेड की सुविधा उपलब्ध कराई जाएगी. प्रदेश सरकार की ओर से इसकी मंजूरी पहले ही मिल चुकी है लेकिन मौजूदा सिविल अस्पताल की बिल्डिंग में पर्याप्त जगह नहीं होने के चलते इन बेडों को अभी शामिल नहीं किया जा सका है.
जिला सिविल अस्पताल हिसार की वर्तमान स्थिति की बात करें तो यहां रोजाना 1500 से ज्यादा मरीज ओपीडी में इलाज के लिए पहुंचते हैं. वहीं, मरीजों का कहना है कि यहां पर MRI की सुविधा उपलब्ध नहीं है, इसलिए उन्हें निजी अस्पतालों में महंगे खर्चे पर जांच कराने पर मजबूर होना पड़ता है. इसके अलावा कई बार बाहर से ही दवाईयां खरीदनी पड़ती है, जिससे उनकी जेब पर आर्थिक बोझ पड़ता है. ऐसे में उम्मीद है कि नया अस्पताल बनने पर इन स्वास्थ्य सेवाओं की सुविधा भी उपलब्ध कराई जाएगी.
कैंसर डे केयर यूनिट का इंतजार
कैंसर जैसी गंभीर बीमारी की शुरुआती जांच और इलाज के उद्देश्य से जिला सिविल अस्पताल में कैंसर डे केयर यूनिट खोलने का प्रावधान वित्त वर्ष के बजट में किया गया था लेकिन अभी तक यह यूनिट स्थापित नहीं हो पाई है. इस यूनिट के शुरू होने पर कैंसर की आंशका वाले मरीजों को समय पर जांच और इलाज की सुविधा मिल सकेगी.
इसके साथ ही क्रिटिकल केयर ब्लॉक के निर्माण का भी इंतजार ही चल रहा है. गंभीर मरीजों को उपचार के लिए अग्रोहा या रोहतक पीजीआई रेफर करना पड़ता है. जिला के लोगों ने उम्मीद जताते हुए कहा है कि अस्पताल के नए भवन में मरीजों को इन स्वास्थ्य सेवाओं का लाभ मिलेगा.