हिसार | शिक्षा क्षेत्र में हरियाणा के हिसार जिले के रहने वाले सक्षम जिंदल ने विशेष उपलब्धि हासिल की है. JEE एडवांस्ड 2025 के रिजल्ट में सक्षम ने ऑल इंडिया में दूसरा रैंक हासिल कर देशभर में हरियाणा का नाम रोशन कर दिया है. उन्होंने कोटा में रहकर पढ़ाई करते हुए सफलता के नए आयाम स्थापित किए हैं.
परिवार का मिला पूरा सहयोग
डॉक्टर दंपति की औलाद सक्षम जिंदल ने बताया कि उनके माता- पिता ने उन्हें हर कदम पर पूरा सहयोग दिया और हर चीज में पूरी आजादी दी. परिजनों के भरपूर सहयोग से उन्होंने बिना किसी दबाव के पढ़ाई की और उसके परिणाम सबके सामने है, जहां तक मनपसंद विषय की बात है तो उन्हें गणित में बचपन से ही रूचि रही है. उन्होंने IIT मुंबई जाने का सपना देखा था और कड़ी मेहनत से आज इसे पूरा कर दिखाया है.
ऐसे लिखी सफलता की कहानी
सक्षम जिंदल ने बताया कि वो पिछले 2 साल से कोटा में रहकर कोचिंग ले रहे थे. उन्होंने कक्षा 10वीं के वार्षिक परीक्षा परिणाम में 98% और कक्षा 12वीं में 96.4% अंक हासिल किए थे. उन्होंने JEE Mains 2025 में 100 परसेंटाइल स्कोर किया था और ऑल इंडिया में 10वीं रैंक हासिल की थी. सक्षम ने बताया कि आप समर्पण, उद्देश्य और सही मार्गदर्शन के साथ आगे बढ़ते हैं, तो एक दिन सफलता आपके कदम अवश्य चूमती है.
सक्षम ने बताया कि कोटा में कोचिंग के दौरान उन्होंने हर चैप्टर का बारीकी से अध्ययन किया, जहां कहीं भी दिक्कत आई, उसे बार- बार समझते हुए दूर करने का हरसंभव प्रयास किया. उन्होंने बताया कि Jee Mains में एनसीईआरटी सिलेबस के अलावा बाकी किसी रेफरेंस बुक या मटेरियल की जरूरत नहीं होती है. आप साप्ताहिक टेस्ट में अपनी परफॉर्मेंस में लगातार सुधार करते रहिए. इससे आपको अपनी मंजिल तक पहुंचने में ज्यादा समय नहीं लगता हैं.
