हिसार | मुख्यमंत्री नायब सैनी (Nayab Saini) 11 मई को हिसार पहुंचेंगे, जहां वो दोपहर 12 बजे हांसी की अनाज मंडी में विशाल रैली में बतौर मुख्य अतिथि शिरकत करेंगे. यह जानकारी हांसी विधानसभा सीट से बीजेपी विधायक विनोद भयाणा ने दी. उन्होंने बताया कि हांसी में सीएम नायब सैनी की रैली को लेकर लंबे समय से चर्चाएं चल रही थी, लेकिन मुख्यमंत्री की व्यवस्तता के चलते शेड्यूल नहीं बन रहा था. मगर अब 11 मई को मुख्यमंत्री हांसी में आयोजित होने वाली रैली में पहुंच रहे हैं.
हांसी को मिलेंगी सौगातें
बीजेपी विधायक विनोद भयाणा ने कहा कि मुख्यमंत्री का आगमन किसी भी शहर के लिए सौगातें लेकर आता है. ऐसे में हांसी के लोग भी मुख्यमंत्री से उम्मीद लगाए हुए हैं कि वह रैली के माध्यम से शहर वासियों को विकास परियोजनाओं की सौगात देंगे.
उन्होंने कहा कि विधानसभा चुनाव की पहली रैली हांसी में आयोजित की गई थी. मुख्यमंत्री नायब सैनी ने मंच के माध्यम से कहा था कि जैसे ही विधानसभा चुनाव का परिणाम आएगा और राज्य में भारतीय जनता पार्टी की सरकार बनेगी, तो अगले दिन से ही हांसी में डीसी बैठने लगेगा. विनोद भयाणा ने कहा कि वे खुद सीएम के सामने कई अहम मांगे रखेंगे, जिनमें सबसे बड़ी मांग हांसी को पूर्ण जिला घोषित करने की रहेगी. इसके अलावा, सिविल अस्पताल में बेड की संख्या में बढ़ोतरी, एक नया कालेज और एक बस डिपो की स्थापना प्रमुख हैं.
हजारों लोगों की उमड़ेगी भीड़
विधायक ने कहा कि मुख्यमंत्री की रैली को देखते हुए 11 मई को प्रदेश भर से हजारों की संख्या में लोगों की भीड़ उमड़ेगी. जिस तरह से हांसी की जनता ने पहले की रैलियों को सहयोग और समर्थन दिया था, ठीक उसी तरह का माहौल 11 मई को बनेगा. हांसी की जनता मुख्यमंत्री नायब सैनी को सुनने के लिए इंतजार कर रहे हैं.
