हिसार | हरियाणा के हिसार शहर के लोगों के लिए एक राहत भरी खबर सामने आई है. बता दें कि राज्य के प्रमुख बड़े शहरों को ट्रैफिक जाम से निजात दिलाने के लिए सूबे की नायब सैनी सरकार निरंतर प्रयासरत हैं. शहरों के बाहर से बाईपास बनाएं जा रहे हैं ताकि दूसरे राज्यों से आने वाले वाहनों को शहर में एंट्री करने की आवश्यकता नहीं पड़े. इसी कड़ी में हिसार शहर से ट्रैफिक दबाव कम करने के लिए सरकार द्वारा एक नया प्रयास किया जा रहा है.
शहर से कम होगा ट्रैफिक दबाव
हिसार जिले की जनता के लिए बड़ी खुशखबरी सामने आई है. यहां शहर से ट्रैफिक दबाव कम करने के लिए 5 स्थानों पर स्लिप रोड का निर्माण और अन्य कार्यों के लिए 1241.03 लाख रुपये स्वीकृत कर लिए गए है. इसकी जानकारी लोक निर्माण विभाग (PWD) के मंत्री रणबीर सिंह गंगवा ने दी है.
इन जगहों पर बनेंगे स्लिप रोड
कैबिनेट मंत्री रणबीर गंगवा ने बताया कि क्लाथ मार्केट के पास तुलसी चौक टी- जंक्शन पर स्लिप रोड बनाने के लिए 76.93 लाख रुपये, ऑटो मार्केट टी- जंक्शन नजदीक GJU के पास स्लिप रोड निर्माण के लिए 174.30 लाख रुपये, लघु सचिवालय के पास हिसार राजगढ़ रोड और साउथर्न बाईपास पर स्लिप रोड निर्माण के लिए 385.81 लाख रुपये की राशि स्वीकृत की गई है.
उन्होंने बताया कि इसी तरह से डाबड़ा चौक जंक्शन के सुधार के लिए स्लिप रोड निर्माण के लिए 94.78 लाख रुपये स्वीकृत किए गए है. वहीं, हिसार राजगढ़ रोड और दक्षिण बाईपास के समीप बालसमंद सब ब्रांच पर RCC बॉक्स टाइप पुल सहित स्लिप रोड के निर्माण के लिए 509.21 लाख रुपये की राशि स्वीकृत की गई है. कैबिनेट मंत्री ने कहा कि सभी प्रोजेक्ट्स पर जल्द से जल्द काम शुरू करने को लेकर विभागों को निर्देश जारी किए जा चुके हैं. बहुत जल्द शहर के लोगों को ट्रैफिक जाम से छुटकारा दिलाया जाएगा.
