हिसार | हरियाणा में रेलयात्रियों के लिए एक और अच्छी खबर सामने आई है. गर्मियों की छुट्टियों में अतिरिक्त भीड़-भाड़ को देखते हुए रेलवे द्वारा निरंतर नए प्रयास किए जा रहे हैं. कई प्रमुख रूटों पर स्पेशल ट्रेनों का संचालन किया जा रहा है तो वहीं दूसरी ओर कई ट्रेनों का विस्तार कर यात्रियों के सफर को आरामदायक बनाने का फैसला लिया गया है.

इसी कड़ी में यात्रियों की सुविधा का ख्याल रखते हुए रेलवे ने भावनगर टर्मिनस- हरिद्वार- भावनगर टर्मिनस ट्रेन की संचालन अवधि में विस्तार कर दिया है.
साप्ताहिक स्पेशल ट्रेन
उत्तर पश्चिम रेलवे के मुख्य जनसंपर्क अधिकारी अमित सुदर्शन ने बताया कि इस साप्ताहिक स्पेशल ट्रेन की संचालन अवधि में 31 मई तक विस्तार किया गया है. यह ट्रेन बीच रास्ते भिवानी, हिसार सहित कई अन्य स्टेशनों पर भी ठहराव करेगी जिसका सीधा फायदा योग नगरी हरिद्वार जाने वाले श्रद्धालुओं को मिलेगा. उनके लिए भोले बाबा की नगरी हरिद्वार और ऋषिकेश का सफर आरामदायक हो जाएगा.
यह रहेगा शेड्यूल
अमित सुदर्शन ने बताया कि ट्रेन नंबर 09271, भावनगर टर्मिनस-हरिद्वार साप्ताहिक स्पेशल ट्रेन 31 मई तक प्रत्येक रविवार को भावनगर टर्मिनस से सुबह 04.25 बजे रवाना होकर सोमवार को दोपहर 3 बजे हरिद्वार पहुंचेगी. इसी तरह वापसी में ट्रेन नंबर 09272, हरिद्वार- भावनगर टर्मिनस साप्ताहिक स्पेशल ट्रेन 1 जून तक प्रत्येक सोमवार को हरिद्वार से शाम 04.25 बजे रवाना होकर मंगलवार की सुबह 04.35 बजे भावनगर टर्मिनस पहुंचेगी. इस स्पेशल ट्रेन में यात्रियों को दो सेकंड एसी, 6 थर्ड एसी, 8 द्वितीय शयनयान, 4 द्वितीय साधारण श्रेणी तथा 2 पावरकार डिब्बों सहित कुल 22 कोच की सुविधा मिलेगी.
इन स्टेशनों पर करेगी ठहराव
बीच रास्ते यह ट्रेन दोनों दिशाओं में सिहोर गुजरात, धोला, बोटाड, सुरेंद्रनगर गेट, वीरमगाम, आंबली रोड, गांधीनगर कैपिटल, महेसाना, पालनपुर, आबूरोड, पिंडवाड़ा, फालना, मारवाड़ जंक्शन, पाली मारवाड़, लूनी, जोधपुर, गोटन, मेडता रोड, डेगाना, छोटी खाटू, डीडवाना, लाडनूं, सुजानगढ़, रतनगढ़, चूरू, सादुलपुर, सिवानी, हिसार, हांसी, भिवानी, कलानौर कलां, रोहतक, पानीपत, अंबाला कैंट, सहारनपुर और रुड़की स्टेशनों पर ठहराव करेगी.