हिसार | हरियाणा के हिसार शहरवासियों के लिए एक अच्छी खबर सामने आई है. यहां टाउन प्लानिंग स्कीम व पुनर्वास क्षेत्रों से लेकर नगर सुधार मंडल की प्रॉपर्टियों में सब डिवीजन रेगुलराइजेशन को लेकर नगर निगम ने डिजिटाइजेशन की दिशा में बड़ा कदम उठाया है.
हिसार शहर के लोगों को नए साल का तोहफा देते हुए नगर निगम ने टाउन प्लानिंग स्कीम और पुनर्वास क्षेत्रों में आने वाली 30 हजार से ज्यादा परिवारों को उनकी संपत्तियों के सब-डिवीजन को नियमित करवाने की प्रक्रिया को सरल, पारदर्शी और डिजिटल बनाने का फैसला लिया है.
पारदर्शिता का मिलेगा लाभ
नगर निगम आयुक्त नीरज कुमार ने बताया कि इस नए सिस्टम के तहत 1 जनवरी 2026 से सब- डिवीजन के इच्छुक प्रोपर्टी मालिकों के आवेदन ऑनलाइन स्वीकार किए जाएंगे. इस व्यवस्था से पारदर्शिता और कार्यकुशलता बढ़ेगी और हर स्तर पर अधिकारियों के लिए समय-सीमा निर्धारित होगी.
उन्होंने बताया कि अब तक इन क्षेत्रों में प्लाट विभाजन के बाद रेगुलराइजेशन के लिए लोगों को ऑफलाइन आवेदन करना पड़ता था. दस्तावेज प्रकिया लंबी और जटिल होने के चलते आवेदकों को सरकारी कार्यालयों की भागदौड़ ज्यादा करनी पड़ती थी. इन्हीं जटिलताओं से मुक्ति दिलाने के लिए नगर निगम ने ऑनलाइन व्यवस्था लागू करने का फैसला लिया है, जिससे प्रकिया सरल और सहज हो सकें.
स्वयं कर सकेंगे आवेदन
अब प्लाट धारक स्वयं या अधिकृत नक्शानवीस के माध्यम से निर्धारित पोर्टल subdivision.ulbharyana.gov.in पर जाकर आवेदन कर सकेंगे. अतिरिक्त नगर आयुक्त शालिनी चेतल ने बताया कि टाउन प्लानिंग स्कीम के अंतर्गत मूल संपत्ति से बने छोटे प्लाटों को नियमित करवाने के लिए फीस सरकार द्वारा निर्धारित दिशानिर्देशों के अनुसार ही ली जाएगी.
इन क्षेत्रों में लागू होगी ऑनलाइन प्रकिया
8 मरला, एमसी-डीसी कालोनी, बैंक कालोनी, छोटू राम 3D, कृष्णा नगर टीपी स्कीम, संत नगर स्कीम नंबर-4A, चंदू लाल गार्डन-4C, शास्त्री नगर, स्कीम नंबर-8A भूटानी कालोनी, ढाणी श्याम लाल, प्रेम नगर, प्रीति नगर, अग्रसेन कालोनी, टीपी स्कीम 1B दयानंद नगर ऋषि विहार, अमर चंद मार्केट, इंद्रप्रस्थ, माडल टाउन, आनंद निकेतन स्कीम 5A में शामिल है.
