हिसार | हरियाणा में रेलयात्रियों के लिए एक और अच्छी खबर सामने आई है. बता दें कि आने वाली गर्मियों की छुट्टियों को देखते हुए रेलवे द्वारा देश के कई प्रमुख रूटों पर समर स्पेशल ट्रेनों का संचालन किया जाएगा ताकि यात्रियों की अतिरिक्त भीड़- भाड़ से निजात मिल सके. इसी कड़ी में यात्रियों की सुविधा का ख्याल रखते हुए रेलवे द्वारा 21 अप्रैल यानि कल से काकिनाडा टाउन-हिसार- काकिनाडा टाउन साप्ताहिक स्पेशल ट्रेन संचालित की जाएगी.

इस समर स्पेशल ट्रेन के संचालन का हिसार ही नहीं बल्कि भिवानी जिले के यात्रियों को भी फायदा पहुंचेगा. उत्तर पश्चिम रेलवे के मुख्य जनसंपर्क अधिकारी अमित सुदर्शन ने बताया कि स्पेशल ट्रेन के संचालन से नियमित ट्रेनों से यात्रियों की भीड़ कम करने में मदद मिलेगी. साथ ही, यात्रियों के लिए कंफर्म टिकट मिलना आसान हो जाएगा जिससे उनके लिए सफर करना आरामदायक होगा.
यह रहेगा शेड्यूल
अमित सुदर्शन ने बताया कि ट्रेन नंबर 07717, काकिनाडा टाउन-हिसार साप्ताहिक स्पेशल ट्रेन 21 अप्रैल को काकिनाडा टाउन से सुबह 05.40 बजे रवाना होकर तीसरे दिन दोपहर 01.40 बजे हिसार पहुंचेगी. इसी तरह वापसी में ट्रेन नंबर 07718, हिसार-काकिनाडा टाउन साप्ताहिक स्पेशल ट्रेन 24 अप्रैल को हिसार से दोपहर 02.10 बजे रवाना होकर तीसरे दिन यानि ऐतवार को रात 09.35 बजे काकिनाडा टाउन पहुंचेगी.
इन स्टेशनों पर करेगी ठहराव
बीच रास्ते यह ट्रेन दोनों दिशाओं में सामलकोट, राजमुंदरी, ताडेपल्लिगुडेम, एलूरू, विजयवाड़ा, गुंटूर, मिर्यालगुड़ा, नलगोंडा, चर्लपल्ली, मेडचल, कामारेड्डी, निजामाबाद, बासर, धर्माबाद, मुदखेड, नांदेड़, पूर्णा, बसमत, हिंगोली डेक्कन, वाशिम, अकोला, शेगांव, मलकापुर, भुसावल, जलगांव, धरणगांव, अमलनेर, नंदूरबार, उधना, वडोदरा, रतलाम, मंदसौर, नीमच, चित्तौड़गढ़, भीलवाड़ा, बिजयनगर, नसीराबाद, अजमेर, किशनगढ़, फुलेरा, रींगस, सीकर, नवलगढ़, झुंझुनूं, चिड़ावा, लोहारू व सादुलपुर स्टेशनों पर ठहराव करेगी.
इस ट्रेन में यात्रियों को दो फर्स्ट एसी सह सेकेंड एसी, तीन सेकेंड एसी, पांच थर्ड एसी, आठ शयनयान, 4 जनरल डब्बा तथा दो गार्ड डिब्बों सहित कुल 24 डिब्बों की सुविधा मिलेगी.