हिसार | हरियाणा के लिए एक और गौरवमई खबर सामने आई है. यहां हिसार जिले की नारनौंद विधानसभा क्षेत्र के गांव मिर्चपुर की बेटी तन्नु ढांडा ने भारतीय नौसेना में फ्लाइंग ऑफिसर बनकर इतिहास कायम किया है. उन्होंने पूरे देशभर में 5वीं रैंक हासिल करते हुए इस विशेष उपलब्धि को हासिल किया है. गांव पहुंचने पर तन्नु ढांडा का ग्रामीणों ने खुली जीप में बैठाकर फूल- मालाओं और ढोल- नगाड़ों के साथ जोरदार स्वागत किया.

त्याग और अनुशासन से मिली सफलता
गांव के राजकीय कन्या वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालय में आयोजित सम्मान- समारोह में बोलते हुए तन्नु ढांडा ने अपनी कामयाबी का श्रेय माता-पिता, शिक्षकों और ग्रामीणों के सहयोग को दिया. उन्होंने बताया कि इस सफलता के लिए उन्होंने निरंतर 2 साल तक खूब पढ़ाई की है. गौरव की बात है कि तन्नु ने सभी इंटरव्यू हरियाणवी भाषा में दिए.
उन्होंने कहा कि ग्रामीण क्षेत्र के बच्चे किसी भी मायने में शहरी बच्चों से कम नहीं है. यदि आप सच्ची लगन और कड़ी मेहनत से अपने लक्ष्य को पूरा करने की सोचते हैं, तो एक दिन सफलता आपके कदम अवश्य चूमती है. ग्रामीणों ने कहा कि तन्नु की उपलब्धि गांव की युवा पीढ़ी खासकर लड़कियों के लिए प्रेरणा स्रोत का काम करेगी.
1 जुलाई से शुरू होगी ट्रेनिंग
तन्नु ढांडा ने बताया कि 1 जुलाई से उसकी ट्रेनिंग शुरू हो जाएगी. उन्होंने कहा कि परिस्थितियों का बहाना बनाकर मंजिल से दूर नहीं जाना चाहिए. यदि आप कड़ी मेहनत और सच्ची लगन से कार्य करते हैं, तो बड़ी से बड़ी बाधा भी दूर हो जाएगी. तन्नु ने बताया कि पिछले 2 साल के दौरान उन्होंने पढ़ाई के अलावा हर चीज से दूरी बनाए रखी. मोबाइल का इस्तेमाल सिर्फ पढ़ाई के लिए किया.
ग्रामीणों ने जताई खुशी
गांव की बेटी तन्नु ढांडा के भारतीय नौसेना में फ्लाइंग ऑफिसर बनने पर ग्रामीणों ने खुशी जाहिर करते हुए कहा कि उनकी इस उपलब्धि ने मिर्चपुर गांव को राष्ट्रीय स्तर पर पहचान दिलाई है. ग्रामीणों ने तन्नु को आशीर्वाद देते हुए उनके उज्जवल भविष्य की कामना की.