हिसार | हरियाणा के हिसार शहर के लोगों के लिए एक राहत भरी खबर सामने आई है. कल यानि शुक्रवार को लोक निर्माण विभाग (PWD) मंत्री रणबीर गंगवा ने 13.91 करोड़ रुपए की बरसाती पानी निकासी सिस्टम परियोजना का उद्घाटन किया. हरियाणा शहरी विकास प्राधिकरण (HSVP) द्वारा तैयार किए गए इस प्रोजेक्ट से सेक्टर 1- 4, 3- 5 और मेला ग्राउंड क्षेत्र में सालों से चली आ रही जलभराव की समस्या से हमेशा के लिए छुटकारा मिलेगा.
सालों की परेशानी होगी खत्म
इस अवसर पर PWD मंत्री रणबीर गंगवा ने कहा कि बारिश के मौसम में इन इलाकों में जलभराव की स्थिति उत्पन्न हो जाती थी और सालों से लोग इस परेशानी को झेल रहे थे लेकिन अब लोगों की इस परेशानी का हल हुआ है. उन्होंने बताया कि प्रभावी वर्षा जल निकासी समय की जरूरत थी और इस प्रोजेक्ट के पूरा होने पर इस समस्या का स्थाई समाधान हुआ है. इस दौरान उन्होंने उपस्थित आमजन की समस्याएं भी सुनी और मौके पर मौजूद अधिकारियों को निर्देश देते हुए कहा कि जनता से जुड़े मुद्दों का प्राथमिकता के आधार पर समाधान सुनिश्चित करें.
कप्तान स्कूल रोड से खत्म होगा जलभराव
इस मौके पर पार्षद मनोहर लाल ने कैबिनेट मंत्री के सामने कप्तान स्कूल रोड पर जलभराव की गंभीर समस्या को रखा. इस पर गंगवा ने जनस्वास्थ्य विभाग के अधिकारियों को जल्द समाधान करने के निर्देश दिए. इस संबंध में पार्षद मनोहर लाल की चीफ इंजीनियर से चर्चा हुई. पार्षद ने बताया कि इस समस्या के समाधान हेतु करीब 5 करोड़ रुपए का एस्टीमेट तैयार किया जा चुका है, जिसका टेंडर जारी करना शेष है.
इसपर चीफ इंजीनियर ने अधिकारियों को जल्द टेंडर प्रक्रिया पूरी करने के आदेश दिए. उन्होंने बताया कि इस प्रोजेक्ट के अन्तर्गत 24 इंच की नई सीवर लाइन बिछाई जाएगी जिससे कप्तान स्कूल रोड, शिव नगर, विनोद नगर, न्यू विनोद नगर, राठी कॉलोनी और तरसेम नगर के निवासियों को राहत पहुंचेगी. उन्हें सालों से चली आ रही जलभराव की समस्या से छुटकारा मिलेगा.
