हिसार | हरियाणा की नायब सैनी सरकार में लोक निर्माण विभाग मंत्री एवं बरवाला से बीजेपी विधायक रणबीर गंगवा ने अपनी विधानसभा क्षेत्र को बड़ी सौगात दी है. उन्होंने बताया कि प्रदेश सरकार (Haryana Govt) ने बरवाला विधानसभा क्षेत्र की विभिन्न सड़कों के पुनर्निर्माण, चौड़ीकरण और सुदृढ़ीकरण को प्रशासनिक मंजूरी प्रदान कर दी है. इसमें 8 सड़कों से जुड़े कार्यों के लिए 2414.47 लाख रुपए की अनुमानित राशि का प्रावधान किया गया है.
इन सड़कों की बदलेगी तस्वीर
PWD मंत्री रणबीर गंगवा ने बताया कि हिसार- बरवाला रोड से जुगलान गांव तक 5.18 किलोमीटर लंबी सड़क का सुदृढ़ीकरण किया जाएगा, जिसपर 369.14 लाख रुपए खर्च होंगे. इसी प्रकार खेड़ी बर्की से किराड़ा तक साढ़े 3 किलोमीटर लंबी सड़क पर 264.04 लाख रुपए, किरोड़ी से किराड़ा रोड तक 3 किलोमीटर लंबी सड़क पर 136 लाख रुपए और लिंक रोड से रेलवे स्टेशन बरवाला तक 1.25 किलोमीटर लंबी सडक के चौड़ीकरण एवं सुदृढ़ीकरण कार्य पर 796.56 लाख रुपए की लागत राशि खर्च होगी.
उन्होंने आगे बताया कि बरवाला से भैणी बादशाहपुर रोड तक 476.83 लाख रुपए की लागत से 4.83 किलोमीटर तक बनेगा. इसी प्रकार हिसार- बरवाला रोड से जेवरा तक 64.84 लाख रुपए की लागत से आधे किलोमीटर लंबी सड़क का निर्माण किया जाएगा. वहीं, खेदड़ से ढाणी गारन रोड तक 86.63 लाख रुपए की लागत से 1.310 किलोमीटर सड़क का चौड़ीकरण एवं सुदृढ़ीकरण और जेवरा से किराड़ा तक 220.43 लाख रुपए की लागत से 4 किलोमीटर लंबी सड़क की चौड़ाई बढ़ाई जाएगी.
बरवाला हल्के के चौमुखी विकास को लेकर प्रतिबद्ध
कैबिनेट मंत्री ने बताया कि इन आठ सड़क मार्गों के अलावा 2 अन्य सड़कों के पुनर्निर्माण का प्रस्ताव सरकार के पास भेजा गया है, जो जल्द ही मंजूर हो जाएगा. उन्होंने कहा कि बरवाला हल्के के चौमुखी विकास को लेकर वो प्रतिबद्ध हैं. जल्द ही, कई अन्य प्रोजेक्ट्स का प्रस्ताव तैयार कर मंजूरी के लिए सरकार के पास भेजा जाएगा.
