हिसार | हरियाणा के हिसार के सिवानी मंडी और आसपास के क्षेत्र के लोगों के लिए एक अच्छी खबर सामने आई है. प्रदेश में स्वास्थ्य सेवाओं का बुनियादी ढांचा मजबूत करने की दिशा में एक और कदम उठाते हुए सरकार द्वारा आंची देवी मेघराज जिंदल सामान्य नागरिक अस्पताल सिवानी में 70 लाख रूपए कीमत की स्वचालित विश्लेषक (ऑटो एनालाइजर) मशीन स्थापित की गई है.
मुफ्त टेस्ट की मिलेगी सुविधा
अस्पताल के वरिष्ठ चिकित्सा अधिकारी डॉ. हरेंद्र सिंह पान्नू ने बताया कि इस अत्याधुनिक मशीन से अब अस्पताल में 20 से 25 प्रकार की रक्त संबंधी जांच की सुविधा बिल्कुल मुफ्त में उपलब्ध रहेगी. इससे क्षेत्र के मरीजों को हिसार या अन्य बड़े शहरों तक भाग- दौड़ करने की समस्या से छुटकारा मिलेगा और उन्हें घर के नजदीक ही उच्च गुणवत्ता वाली स्वास्थ्य सुविधाएं मिल सकेंगी. स्वास्थ्य शिक्षा भ्रमण के तहत, नागरिक अस्पताल पहुंची राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालय, बड़वा की छात्राओं ने इस स्वचालित विश्लेषक मशीन का रिबन काटकर उद्घाटन किया.
चिकित्सा सेवाएं होंगी बेहतर
डॉ हरेंद्र सिंह पान्नू ने बताया कि इस अत्याधुनिक मशीन से अब नागरिक अस्पताल में शुगर, थायरॉयड, लीवर, किडनी, कोलेस्ट्रॉल, संपूर्ण रक्त परीक्षण (सीबीसी) सहित अन्य रक्त संबंधी जांचें निशुल्क की जाएगी. इस मशीन के आने से अब अस्पताल की चिकित्सा सेवाएं पहले के मुकाबले और ज्यादा बेहतर होगी.
