हिसार | हरियाणा की नायब सैनी सरकार में विकास एवं पंचायत मंत्री कृष्ण लाल पंवार आज हिसार दौरे पर पहुंचे जहां उन्होंने लघु सचिवालय में आयोजित जिला लोक- संपर्क एवं जन परिवाद समिति की महत्वपूर्ण बैठक में बतौर मुख्य अतिथि शिरकत की. इस बैठक के बाद मीडिया से बातचीत करते हुए उन्होंने अवैध कालोनियों को लेकर एक बड़ा बयान दिया.
सख्त हुई हरियाणा सरकार
यदि आप भी शहर में प्लॉट खरीदने की योजना बना रहे हैं तो सावधान हो जाएं. मुख्यमंत्री नायब सैनी शहरों में कट रही अवैध कालोनियों को लेकर सख्त कानून बनाने जा रहे हैं. विकास एवं पंचायत मंत्री कृष्ण लाल पंवार ने बताया कि अवैध कालोनियों में प्लॉट या निर्माण जैसे सभी मामले मुख्यमंत्री के संज्ञान में हैं और इनके खिलाफ सख्त कार्रवाई अमल में लाई जाएगी.
पंचायत मंत्री ने कहा कि अवैध कालोनियों को विकसित करना पूरी तरह से गैर- कानूनी है और समय- समय पर सरकार इस संबंध में सख्त निर्देश देती रहती है. अवैध कालोनियों में प्लॉट लेकर या फिर वहां भवन निर्माण कर बहुत से लोग अपनी जीवनभर की पूंजी गंवा रहे हैं क्योंकि समय- समय पर ऐसी जगहों पर पीला पंजा चल रहा है.
नए सेक्टर विकसित करेगा HSVP
इस तरह के मामलों पर अंकुश लगाने के लिए हमारी सरकार ने तय किया है कि हरियाणा शहरी विकास प्राधिकरण (HSVP) द्वारा प्रदेश के 71 छोटे-बड़े शहरों में 849 नए सेक्टर विकसित किए जाएंगे. इससे अवैध कालोनियों के विकसित होने पर स्वयं ही रोक लग जाएगी. उन्होंने बताया कि इसराना और मतलोडा जैसे बड़े- बड़े ब्लॉक जो अब नगरपालिका का दर्जा हासिल कर चुके हैं, वहां भी सेक्टर विकसित कर प्लॉट काटे जाएंगे ताकि गांवों में भी शहरों जैसी सुविधाएं उपलब्ध कराई जा सके.
