हिसार | हरियाणा में मानसूनी सीजन में लगातार बारिश और जलभराव से हजारों सड़कों की हालत खस्ता हो चुकी है. इन सड़कों पर सफर करना अब सुरक्षित नहीं रहा है. लोगों का कुछ ही पलों का सफर घंटों में तय हो रहा है. अब लोगों को बहुत जल्द हिचकोले खाते सफर से छुटकारा मिलने जा रहा है. मुख्यमंत्री नायब सैनी आज हिसार दौरे पर पहुंचे थे, जहां उन्होंने इन सड़कों की मरम्मत कार्य योजना का शुभारंभ किया.
CM ने किया शुभारंभ
मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी ने हिसार में 4827 करोड़ रुपये की लागत की “प्रादेशिक सड़क उन्नयन परियोजना” का शुभारंभ किया. इस परियोजना के तहत 9,410 किमी लंबी सड़कों का कायाकल्प होगा. मुख्यमंत्री ने कहा कि यह परियोजना प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के 75वें जन्मदिन को समर्पित है और इससे प्रदेश की अर्थव्यवस्था को नई गति मिलेगी.
बता दें कि इन सड़कों की मरम्मत और निर्माण कार्य के लिए 4827 करोड़ रुपए का बजट निर्धारित किया गया है. इनमें लोक निर्माण विभाग की 2285 के अलावा HSVP की 549, शहरी स्थानीय निकाय विभाग की 347, पंचायती राज की 276, एग्रीकल्चर मार्केटिंग बोर्ड की 498 तथा HSIIDC की 272 सड़कें शामिल हैं. आज मुख्यमंत्री नायब सैनी द्वारा जिन सड़कों का लोकार्पण किया गया है. उनमें वे 110 सड़कें शामिल हैं, जिनके टेंडर होने के बाद वर्क अलॉट हो चुका है.
इन जिलों में होगा कायाकल्प
इनमें अंबाला और रोहतक की 9- 9, भिवानी और कुरुक्षेत्र की 8- 8, जींद, पलवल और कैथल की 6- 6, गुरुग्राम और सोनीपत की 5- 5, रेवाड़ी, सिरसा, पानीपत, महेंद्रगढ़, फरीदाबाद, फतेहाबाद हिसार, नूंह, झज्जर और चरखी दादरी की 4- 4, करनाल और यमुनानगर की 3- 3, पंचकूला की 2 सड़कों का निर्माण कार्य शामिल है.
