हिसार | हरियाणा में स्कूली बच्चों (Haryana School News) के लिए एक नई अपडेट सामने आई है. शिक्षा निदेशालय स्कूली बच्चों को डिजिटल माध्यम से पढ़ाई कराने की कवायद में जुटा हुआ है. इसी कड़ी में पहली से 5वीं कक्षा तक के छात्र रिकॉर्डिंग पाठ्यक्रमों को एलईडी टीवी की मदद से पढ़ते नजर आएंगे.

LED टीवी से पढ़ाई करेंगे बच्चे
पहले चरण में प्रदेश के 8 जिलों में पहली से 5वीं कक्षा तक के कुल 420 और हिसार जिले के 20 सरकारी स्कूलों को एलईडी टीवी देने की घोषणा की थी. प्रदेश में इन स्कूलों को अप्रैल महीने में एलईडी टीवी उपलब्ध करा दिए जाएंगे. हिसार में जिला मौलिक शिक्षा अधिकारी निर्मल दहिया ने बताया कि शिक्षा निदेशालय ने दूसरे चरण में 13 जिलों के 400 राजकीय प्राथमिक विद्यालयों में एलईडी टीवी देने की घोषणा की है.
दूसरे चरण में मई माह में एलईडी उपलब्ध करा दिए जाएंगे. इससे छोटी- सी उम्र में छात्रों को डिजिटल से जोड़ने का प्रयास किया जा रहा है. शिक्षा निदेशालय के मुताबिक, दूसरे फेज में हिसार के 35 सरकारी स्कूलों को शामिल किया गया है, जिसमें पहली से 5वीं तक के छात्र पाठ्यक्रमों को एलईडी टीवी की मदद से पढ़ते नजर आएंगे.
इसी सत्र में होगी शुरुआत
इन जिलों में अंबाला, फतेहाबाद, जींद, महेंद्रगढ़, हिसार, झज्जर, कैथल, नूंह, पलवल, पंचकूला, सिरसा, सोनीपत व यमुनानगर शामिल हैं. इससे पूर्व, शिक्षा निदेशालय ने पहले चरण में 8 जिलों के पहली से 5वीं तक के कुल 420 व हिसार जिले के 20 सरकारी स्कूलों को एलईडी टीवी देने की घोषणा की थी. इनमें कुरुक्षेत्र, पानीपत, हिसार, कैथल, गुरुग्राम, नूंह, पंचकूला व सिरसा शामिल थे.