हिसार | हरियाणा के हिसार शहर में ट्रैफिक संचालन को सुगम बनाने की दिशा में निरंतर नए प्रयास किए जा रहे हैं. इसी कड़ी में शहर को ट्रैफिक जाम से मुक्ति दिलाने और रेलवे क्रॉसिंग पर लगने वाले लंबे इंतजार को खत्म करने के लिए लोक निर्माण विभाग B&R ने योजना तैयार की है.
हरियाणा सरकार से मंजूरी का इंतजार
लोक निर्माण विभाग ने शहर के निरंकारी भवन रोड और डबल फाटक पर रेलवे अंडरब्रिज का निर्माण होगा. रेलवे और B&R के अधिकारियों द्वारा किए संयुक्त मुआयने के बाद इसकी फिजिबिलिटी रिपोर्ट पॉजिटिव आई है. अब इस रिपोर्ट को मंजूरी के लिए प्रदेश सरकार के पास भेजा जाएगा.
अतिरिक्त चक्कर लगाने से मिलेगा छुटकारा
इन दोनों ही फाटकों पर रेलवे अंडरब्रिज बनने से न केवल यातायात सुगम होगा बल्कि खर्च और समय दोनों की बचत भी होगी. इनके निर्माण से वाहन चालकों को ओल्ड सब्जी मंडी रेलवे अंडरब्रिज व सूर्य नगर रेलवे अंडरब्रिज के ऊपर से घूमकर जाने की जरूरत नहीं पड़ेगी जिससे लगभग 2 किलोमीटर अतिरिक्त दूरी तय करने से छुटकारा मिलेगा. पीक आवर्स में लगने वाले ट्रैफिक जाम के झंझट से मुक्ति मिलेगी. फाटकों पर रुकने से होने वाली ईंधन खपत व प्रदूषण में भी भारी कमी आएगी जिससे शहर में पर्यावरण संरक्षण को बढ़ावा देने में मदद मिलेगी.
इन प्रोजेक्ट्स के धरातल पर उतरने से शहर की 50 हजार से अधिक आबादी को सीधा फायदा होगा. लोगों को बड़े स्तर पर ट्रैफिक जाम से निजात मिलेगी और साथ ही इधर- उधर चक्कर लगाने की बजाय सीधे अपने गंतव्य स्थान की ओर बढ़ सकेंगे. बता दें कि पहले डबल फाटक पर रेलवे ओवरब्रिज बनाए जाने पर सहमति बनी थी. अब रेलवे अंडरब्रिज निर्माण को लेकर फाइल चली है. B&R विभाग.
