हिसार | हरियाणा के हिसार जिले के उकलाना के गांव किरोड़ी में ग्रामीणों ने एक अनूठी पहल की है. दरअसल, ग्रामीणों द्वारा खुद से एक आधुनिक और अत्याधुनिक सुविधाओं से लेस बस स्टैंड का निर्माण किया गया है. यह बस स्टैंड अपनी अब पूरे क्षेत्र में चर्चा का विषय बना हुआ है. ख़ास बात ये है कि गांव की पंचायत ने बिना किसी सरकारी सहायता के 25 लाख रुपये की लागत से इस बस स्टैंड का निर्माण कराया है.
डिजिटल तकनीक से है लैस
यह बस स्टैंड पूरी तरह से स्टेनलेस स्टील से बना है, जिसमें यात्रियों के आराम के लिए स्टील की कुर्सियां लगाई गई हैं. सबसे बड़ी ख़ास बात ये है कि यहाँ लगाया गया डिजिटल डिस्प्ले बोर्ड, जो बसों की रियल- टाइम टाइमिंग दिखाता है. इससे यात्रियों को बसों के समय के बारे में बार- बार पूछने की जरूरत नहीं पड़ती.
गांव के सरपंच तेलूराम के नेतृत्व में इस बस स्टैंड को तैयार किया गया है. यहाँ स्वच्छता का विशेष ध्यान रखा गया है. इसके चारों ओर स्टील की ग्रिल लगाई गई है, ताकि आवारा पशु अंदर प्रवेश न कर सकें. इसके अलावा, यात्रियों को ताज़ा हवा देने के लिए बाहर की तरफ स्टील के पाइपों से एक खुला शेड बनाया गया है.
यात्रियों को मिल रही बेहतर सुविधा
बरवाला- अग्रोहा मुख्य मार्ग पर स्थित यह बस स्टैंड न केवल यात्रियों को बेहतर सुविधाएं प्रदान कर रहा है, बल्कि आसपास के गांवों और पंचायतों के लिए भी प्रेरणा का स्रोत बन गया है. यहाँ 20 से 25 मिनट के अंतराल पर बसें आती हैं. यहाँ स्थित डिजिटल बोर्ड पर सभी बसों का टाइम टेबल दिनभर चलता रहता है. इससे यात्रियों को अब बसों के टाइम टेबल के बारे में दुकानदारों या अन्य यात्रियों से पूछने की जरूरत नहीं पड़ती.
