झज्जर | हरियाणा की युवा पीढ़ी अपनी मेहनत और सच्ची लगन की बदौलत नित सफलता के नए आयाम स्थापित कर रही है. खेल मैदान ही नहीं, बल्कि शिक्षा के क्षेत्र में भी यहां की युवा पीढ़ी आज देश- दुनिया में नाम कमा रही है. इसी कड़ी में झज्जर जिले (Jhajjar District) के आर्यन ने NDA की परीक्षा में सफलता हासिल कर अपनी प्रतिभा का लोहा मनवाया है.
फाइटर पायलट बनने का सपना
झज्जर जिले के गांव खाचरोली के रहने वाले आर्यन ने NDA की परीक्षा में सफलता हासिल कर अपनी काबिलियत का परिचय दिया है. यूनियन पब्लिक सर्विस कमीशन (UPSC) द्वारा आयोजित की गई, इस परीक्षा में उन्होंने आल इंडिया रैंक (AIR) 365वीं रैंक हासिल की है. इस परीक्षा का सितंबर 2024 में आयोजन और साल 2025 में इंटरव्यू हुआ.
आर्यन ने बताया कि उन्होंने बचपन से ही फाइटर पायलट बनने का सपना देखा था, जो अब पूरा होने जा रहा है. उन्होंने बताया कि इस परीक्षा में करीब 8 लाख स्टूडेंट्स ने हिस्सा लिया था, जिसमें उनकी AIR 365 रैंक आई है. बेहद साधारण परिवार से ताल्लुक रखने वाले आर्यन के पिता एक ट्रांसपोर्ट कंपनी में काम करते हैं. उनकी इस उपलब्धि पर घर में खुशियां छाई हुई है. पिता ने कहा कि हमें अपने बेटे की उपलब्धि पर गर्व महसूस हो रहा है.
मेहनत कभी व्यर्थ नहीं जाती
आर्यन ने बताया कि उनके अंकल भारतीय सेना में सूबेदार के पद पर कार्यरत थे. उन्हें देखकर ही ठान लिया था कि एक दिन सेना में भर्ती होकर देशसेवा करनी है. उसी दिन से अपने इस सपने को पूरा करने के लिए कड़ी मेहनत शुरू कर दी थी और आज परिणाम सबके सामने है. आर्यन Student Of The Year के खिताब के अलावा बेस्ट NCC कैडेट का अवार्ड भी जीत चुका है. उन्होंने बताया कि यदि सच्ची लगन और कड़ी मेहनत से अपने लक्ष्य के पीछे दौड़ा जाए, तो एक दिन सफलता आपके कदम अवश्य चूमेगी. मेहनत कभी व्यर्थ नहीं जाती है.
