जींद | हरियाणा में रेलयात्रियों के लिए राहत भरी खबर सामने आई है. बता दें कि महाकुंभ मेले (Mahakumbh Mela 2025) के चलते जींद से दिल्ली, जाखल, हिसार, पानीपत और रोहतक की तरफ जाने वाली 4 पैसेंजर ट्रेनें आज से पटरी पर लौट आई है. दो सप्ताह पहले रद्द की गई ये चारों ट्रेनें आज से अपने निर्धारित समयानुसार संचालित होगी.
रेलयात्रियों को मिलेगी राहत
इन ट्रेनों के डिब्बों को महाकुंभ मेले के लिए संचालित हो रही स्पेशल ट्रेनों में जोड़ा गया था, जिसके चलते ये चारों ट्रेनें रद्द हुई थी, लेकिन आज से इन ट्रेनों के संचालन को हरी झंडी दिखा दी गई है. इन ट्रेनों के दोबारा पटरी पर लौटने से रेलयात्रियों ने राहत की सांस ली है. अपनी दिनचर्या के कामों से रोजाना इन ट्रेनों से सफर करने वाले यात्रियों को इनके संचालन से सफर करना आसान हो जाएगा.
बहाल हुई 4 पैसेंजर ट्रेनें
- ट्रेन नंबर 54043, जींद से दोपहर बाद 04: 25 मिनट पर चलती है, जो उचाना, नरवाना, कालवन, जाखल, मानसा होते हुए बठिंडा, सिरसा, मंडी आदमपुर होते हुए रात लगभग 1 बजे हिसार पहुंचती है.
- ट्रेन नंबर 54044, हिसार- जींद पैसेंजर ट्रेन सुबह 5 बजे हिसार से चलकर मंडी आमदपुर, बठिंडा, मानसा, जाखल, टोहाना होते हुए दोपहर बाद लगभग पौने 3 बजे जींद पहुंचती है.
- ट्रेन नंबर 54049, रोहतक- दिल्ली पैसेंजर ट्रेन 04:05 बजे रोहतक से रवाना होकर गोहाना, मुंडलाना, पानीपत होते हुए लगभग 7 बजे सफीदों पहुंचती है. इसके बाद पिल्लूखेड़ा, पांडू पिंडारा होते हुए सुबह लगभग साढ़े 8 बजे जींद पहुंचती है.
- ट्रेन नंबर 54050, दोपहर बाद लगभग 4 बजे जींद से चलकर पांडू पिंडारा, पिल्लूखेड़ा, सफीदों, पानीपत होते हुए रात लगभग साढ़े 8 बजे रोहतक पहुंचती है.
