जींद | हरियाणा विधानसभा के डिप्टी स्पीकर डॉ कृष्ण मिढ्ढा के अथक प्रयासों से जींद (Jind News) के लोगों को बड़ी सौगात मिली है. उन्होंने बड़ौदी गांव में 162 करोड़ रूपए की लागत से बनने वाले 25JND-15 नहरी पेयजल परियोजना जलघर के शुभारंभ पर हवन में आहुति डालते हुए इसके निर्माण कार्य की शुरुआत की.

42 एकड़ जमीन पर बनने वाले इस जलघर का निर्माण कार्य 3 साल में पूरा किया जाएगा. डिप्टी स्पीकर ने इसे अपना ड्रीम प्रोजेक्ट बताते हुए कहा कि बहुत जल्द जींद शहर के लोगों को भाखड़ा नहर का पानी पीने को मिलेगा.
हर अड़चन को किया दूर
साल 2016 में तत्कालीन मुख्यमंत्री मनोहर लाल खट्टर ने जींद के लिए भाखड़ा नहरी पेयजल आधारित योजना का ऐलान किया था. इसके लिए जमीन मिलने और फिर जमीन जनस्वास्थ्य विभाग के नाम ट्रांसफर होने में कई अड़चनें सामने आई, लेकिन डिप्टी स्पीकर एवं जींद विधानसभा क्षेत्र से बीजेपी विधायक डॉ कृष्ण मिढ्ढा ने सभी अड़चनों को दूर करवाते हुए इस प्रोजेक्ट पर धरातल पर अमलीजामा पहनाने का काम किया.
अब बड़ौदी में जलघर का निर्माण होगा जिससे जींद शहर के लोगों को पीने के लिए नहरी पानी मिलेगा. शहर के लोगों को नहरी पानी की सुविधा उपलब्ध कराने के लिए नरवाना के पास से बह रही भाखड़ा नहर से पानी लाया जाएगा.
2 एजेंसियों को सौंपा गया कार्य
इस प्रोजेक्ट के तहत दो एजेंसियों को अलग- अलग काम दिया गया है. जैन कंस्ट्रक्शन कंपनी 90.44 करोड़ रुपये से नरवाना में भाखड़ा नहर के पास रिटेंशन टैंक, पंप हाउस का निर्माण करेगी. इसके अलावा, 28 किलोमीटर तक 48 इंची पाइप लाइन नरवाना भाखड़ा नहर से बड़ौदी तक बिछाई जाएगी. बड़ौदी में 60 एमएलडी का जल शोधन प्लांट बनाया जाएगा. वहीं, योगी कंस्ट्रक्शन कंपनी द्वारा 71.98 करोड़ रूपए से पेयजल सप्लाई के लिए जींद शहर में 18 और मेडिकल कालेज में बूस्टर बनाए जाएंगे.
शहर में यहां बनेंगे बूस्टिंग स्टेशन
निर्बाध पेयजल आपूर्ति सुनिश्चित करने के लिए लोको कॉलोनी, सुंदरनगर, राजकीय ITI, नहर काॅलोनी, कृषि विभाग कार्यालय के पास, वीटा प्लांट के पास, पुरानी अनाज मंडी, काठ मंडी, रानी तालाब के पास, पुराना बस स्टैंड, राजकीय कॉलेज, नागरिक अस्पताल, पुलिस लाइन, जेल के पास, जनस्वास्थ्य विभाग कार्यालय के पास, रोहतक रोड और भिवानी रोड पर बुस्टिंग स्टेशन बनाए जाएंगे. यहां से विभिन्न काॅलोनियों में पेयजलापूर्ति की जाएगी.