जींद | हरियाणा में शनिवार को जुलाना विधानसभा क्षेत्र के गांव अकालगढ़ में आर्य समाज की एक बैठक बुलाई गई थी, जिसमें कार्यकारिणी गठित करते हुए कई बड़े फैसलों पर मुहर लगाई गई है. इन फैसलों में सामाजिक और सांस्कृतिक मूल्यों को बढ़ावा देने की दिशा में कदम उठाए गए. इस बैठक में कृष्ण को प्रधान, रामचंद्र को संरक्षक, पवन आर्य को उप- प्रधान, सतीश आर्य को कोषाध्यक्ष, विक्रम आर्य को मीडिया प्रभारी और बलराज को पुस्तकालय अध्यक्ष घोषित किया गया है.
5100 रूपए से किया जाएगा पुरस्कृत
आर्य समाज की इस बैठक में सर्वसम्मति से फैसला लिया गया है कि यदि कोई परिवार विवाह समारोह में DJ नहीं बजाएगा, तो उसे 5100 रूपए की सम्मान- राशि से पुरस्कृत किया जाएगा. इसका उद्देश्य शोर- शराबे से मुक्त और सादगीपूर्ण विवाह को प्रोत्साहित करना बताया गया है.
महिलाओं में गर्भपात का खतरा
आर्य समाज अकालगढ़ के प्रधान कृष्ण आर्य ने कहा कि डीजे की तेज ध्वनि से दुधारू पशु, पक्षी और बच्चों में दुष्प्रभाव पड़ता है. इसके अलावा गर्भवती महिलाओं में गर्भ गिरने का खतरा बना रहता है. डीजे बजाने से हृदय रोग की बीमारी पैदा होने की संभावना बढ़ जाती है.
हवन यज्ञ करने पर भी होंगे पुरस्कृत
गांव में हवन यज्ञ का आयोजन करने वाले परिवारों को भी 1,100 रुपये की प्रोत्साहन राशि देने का फैसला लिया गया है, ताकि धार्मिक और पर्यावरण शुद्धि के कार्यों को बढ़ावा मिल सके.
