जींद | खेल मैदान से हरियाणा के लिए एक और गौरवमई खबर सामने आई है. यहां जींद (Jind) के जुलाना विधानसभा क्षेत्र के गांव लजवाना कलां की बेटी मानसी लाठर ने विदेशी धरती पर शानदार प्रदर्शन करते हुए हिंदुस्तान का गौरव बढ़ाया है. उन्होंने जॉर्डन के ओमान में आयोजित सीनियर एशियन कुश्ती चैंपियनशिप में कांस्य पदक जीतकर देश व प्रदेश का नाम रोशन किया है. मानसी लाठर इससे पहले U- 17 एशियन चैंपियनशिप की गोल्ड मेडलिस्ट रह चुकी है.
खेल परिवार से नाता
मानसी लाठर को कुश्ती के दांव- पेंच विरासत में मिले हैं. उनका पूरा परिवार खेल से ताल्लुक रखता है. उनके पिता जयभगवान लाठर साई में कोच के पद पर कार्यरत हैं. वे 20 बार इंडिया पुलिस के मेडलिस्ट और कई बार अंतर्राष्ट्रीय पहलवान रहे हैं. उन्होंने CRPF से AASP के पद से स्वैच्छिक सेवानिवृत्ति ली थी. अब साई सेंटर में कोच के रूप में अपनी सेवाएं दे रहे हैं.
दादा के सपने को पूरा किया
ताऊ सतीश पहलवान ने बताया कि मानसी के दादा फूला नंबरदार का सपना था कि उनकी बेटी विदेशी सरजमीं पर पदक जीतकर परिवार और देश- प्रदेश का नाम रोशन करें. आज मानसी लगातार अपनी मेहनत की बदौलत शानदार प्रदर्शन करते हुए इस सपने को साकार कर रही है.
मानसी लाठर की इस उपलब्धि पर पूरे गांव में खुशी का माहौल बना हुआ है. ग्रामीणों का कहना है कि बेटी के गांव लौटने पर उनका भव्य स्वागत किया जाएगा. पिता जयभगवान लाठर ने कहा कि बेटी निरंतर शानदार खेल का प्रदर्शन करते हुए मेडल जीतकर हरियाणा और हिंदुस्तान का नाम रोशन कर रही है. हमें अपनी बेटी की उपलब्धि पर गर्व है. उन्होंने कहा कि वो दिन दूर नहीं जब मानसी ओलम्पिक में पदक जीतकर अपनी प्रतिभा का परिचय देगी और देश का सम्मान बढ़ाते हुए हमारा नाम रोशन करेंगी.
