जींद | हरियाणा परिवहन विभाग यात्रियों को बेहतर यातायात सुविधा उपलब्ध कराने के उद्देश्य से निरंतर प्रयासरत हैं. इसी कड़ी में यात्रियों की मांग पर नए साल से जींद डिपो से जम्मू- कटरा और हल्द्वानी के लिए सीधी बस सेवा शुरू करने का फैसला लिया गया है. डिपो प्रबंधन द्वारा परमिट और एनओसी की प्रक्रिया को पूरा किया जा रहा है. बता दें कि पहले इन रूटों पर बसों का संचालन हो रहा था लेकिन बाद में डिपो में बसों की कमी के चलते बसों का संचालन रोक दिया गया था.
नए रूटों पर बसें संचालित करने की तैयारी
बता दें कि हाल ही में जींद रोडवेज के बेडे में BS-6 मॉडल की नई बसों को शामिल किया गया है. इन बसों को अंतर्राज्यीय रूटों पर चलाने की योजना बनाई जा रही है. अभी हाल ही में NH-152D से होते हुए जींद से चंडीगढ़ के लिए बस सेवा को हरी झंडी दिखाई गई है. अब विभाग द्वारा जम्मू- कटरा, हल्द्वानी, नैनीताल के लिए भी सीधी बस सेवा शुरू करने की प्रक्रिया शुरू कर दी गई है. जैसे ही प्रकिया सम्पन्न होगी, बसों का संचालन शुरू कर दिया जाएगा.
ये रहेगा टाइम-टेबल
जींद डिपो के एक अधिकारी ने बताया कि जींद बस स्टैंड से रोजाना सुबह 7 बजे रवाना होकर नरवाना, संगरूर, लुधियाना होते हुए बस जम्मू और कटरा का सफर तय करेगी. इस बस सेवा के शुरू होने का श्री माता वैष्णो देवी जाने वाले श्रद्धालुओं को बड़ा फायदा पहुंचेगा. यह बस कटरा में रात्रि ठहराव कर अगले दिन वापस जींद के लिए रवाना होगी.
उन्होंने बताया कि विभाग द्वारा अप-डाउन की दो बसों को पेयरिंग में कर दिया है. वहीं, हल्द्वानी के लिए भी सुबह 10 से 11 के बीच सीधी बस संचालित करने का समय निर्धारित किया गया है. इसके अलावा रोजाना सुबह 9 बजे जींद से हरिद्वार के लिए बस रवाना होती है.
नए साल पर मिलेगी सौगात
जींद डिपो के डीआई राजेश ने बताया कि नए साल पर जींद से जम्मू- कटरा और हल्द्वानी के लिए सीधी बस सेवा को हरी झंडी दिखाकर यात्रियों को बड़ी सौगात दी जाएगी. इन बसों के संचालन से एक तरफ जहां माता वैष्णो देवी यात्रा पर जाने वाले श्रद्धालुओं को फायदा पहुंचेगा तो वहीं साथ ही हल्द्वानी जाने वाले यात्रियों को भी सीधी बस सेवा का लाभ मिलने से उनका सफर आसान हो जाएगा.
