हरियाणा रोड़वेज बसों में जल्द शुरू होगी यह सुविधा, सभी डिपो के अधिकारियों को मुख्यालय बुलाया

जींद । हरियाणा रोड़वेज बसों में टिकट वितरण प्रणाली को सुगम बनाने के लिए विभाग ने अपनी कमर कस ली है. अब रोड़वेज परिचालकों को बहुत जल्द ई-टिकटिंग के लिए मशीनें उपलब्ध कराई जाएगी. इसको लेकर रोड़वेज कर्मचारी पिछले काफी लंबे समय से मांग कर रहे थे. निदेशालय द्वारा जारी पत्र के अनुसार 18 जनवरी को हिसार, फतेहाबाद, अंबाला, चरखी दादरी, गुरुग्राम और दिल्ली डिपो, 19 जनवरी को कुरुक्षेत्र, कैथल, जींद, झज्जर, नूंह और नारनौल डिपो और 20 जनवरी को पंचकूला, यमुनानगर, पानीपत, रोहतक, रेवाड़ी और पलवल डिपो के अधिकारियों को रुट, परमिट और सभी रुटों की किराया सूची के साथ मुख्यालय में सुबह 9:30 बजे पहुंचना होगा. यहां पर डिपो वाइज किराया सूची का क्रॉस मिलान किया जाएगा और इसे मशीन में फीड किया जाएगा.

Haryana Roadways

18,19,20 जनवरी को मुख्यालय बुलाया गया

रोड़वेज विभाग ने ई-टिकटिंग योजना पर संज्ञान लिया है और हरियाणा राज्य परिवहन के निदेशालय ने ई-टिकटिंग मशीनों में किराया फीड करने को लेकर 18, 19 और 20 जनवरी को अलग-अलग डिपो के ट्रैफिक मैनेजर , उनके सहायकों को मुख्यालय में हाजिर होने के आदेश दिए हैं. यहां पर सभी डिपो की आपस में किराया सूची का क्रॉस मिलान कर इसे ई-टिकटिंग मशीनों में फीड किया जाएगा.

हरियाणा कर्मचारी महासंघ के पूर्व प्रदेश मुख्य संगठन सचिव अनुप लाठर ने बताया कि ई-टिकटिंग मशीनों के आने से परिचालक भी टिकटों में हेराफेरी नहीं कर पाएंगे और साथ ही विभाग का टिकट छपाई पर होने वाला लाखों रुपए का खर्च भी बचेगा. इसके अलावा कोविड काल में यह मशीनें संक्रमण को फैलने से रोकने में मददगार साबित होगी.

19 जनवरी को भेजा जाएगा मुख्यालय

जींद डिपो के महाप्रबंधक गुलाब दुहन ने बताया कि 19 जनवरी को जींद डिपो प्रबंधन को मुख्यालय में उपस्थित होने के आदेश मिलें हैं. आदेशों का पालन करते हुए डिपो की यातायात शाखा से कर्मचारियों को 19 जनवरी को मुख्यालय भेजा जाएगा और संबंधित दिशानिर्देश अनुसार नियमों का पालन किया जाएगा.

Avatar of Ajay Sehrawat
Ajay Sehrawat
View all posts

मेरा नाम अजय सहरावत है. मीडिया जगत में पिछले 6 साल से काम कर रहा हूँ. बीते साढ़े 5 साल से Haryana E Khabar डिजिटल न्यूज़ वेबसाइट के लिए बतौर कंटेंट राइटर के पद पर काम कर रहा हूँ.