जींद | दाता सिंहवाला- खनौरी बॉर्डर पर किसानों द्वारा प्रस्तावित अर्धनग्न अवस्था में पैदल मार्च प्रशासन और किसान प्रतिनिधिमंडल के बीच हुई बातचीत के बाद स्थगित कर दिया गया. प्रशासन की ओर से किसानों को 4 सितंबर को केंद्रीय ऊर्जा मंत्री मनोहर लाल खट्टर के साथ बैठक करवाने का आश्वासन दिया गया है. 51 किसानों के जत्थे के रूप में चल रही पैदल यात्रा को भी रोकने का फैसला लिया गया. नरवाना एसडीएम जगदीश चंद्र और डीएसपी कमलदीप राणा की मौजूदगी में प्रशासन और किसानों के प्रतिनिधिमंडल के बीच बैठक हुई.

इसमें किसानों की मांगों और आगामी आंदोलन को लेकर विस्तार से चर्चा की गई. प्रशासन ने 4 सितंबर को केंद्रीय ऊर्जा मंत्री मनोहर लाल खट्टर के साथ बैठक करवाने का आश्वासन दिया. इसके बाद किसानों ने प्रस्तावित अर्धनग्न पैदल मार्च स्थगित करने पर सहमति जताई.
हटेगी बैरिकेडिंग
बैठक के बाद एसडीएम और डीएसपी दाता सिंहवाला- खनौरी बॉर्डर पर पंजाब की तरफ धरने पर बैठे किसानों के बीच पहुंचे. अधिकारियों ने किसानों को बैठक में बनी सहमति और 4 सितंबर को होने वाली बातचीत की जानकारी दी. किसान नेता जगजीत सिंह डल्लेवाल ने कहा कि 51 किसानों के जत्थे के रूप में चल रही पैदल यात्रा को बुधवार को स्थगित किया जा रहा है. किसानों ने पहले बुधवार सुबह करीब 11 बजे अर्धनग्न अवस्था में पैदल मार्च करते हुए बॉर्डर की बैरिकेडिंग तक पहुंचने का ऐलान किया था. प्रशासन और किसानों के बीच सहमति बनने के बाद अब यह कार्यक्रम टाल दिया गया है.
वापस जाएंगे किसान
एसडीएम जगदीश चंद्र ने बताया कि किसानों के वापस जाने के बाद हरियाणा की तरफ लगाई गई बैरिकेडिंग भी हटाई जाएगी. प्रशासन ने किसानों से शांतिपूर्ण तरीके से आंदोलन जारी रखने की अपील की है.
किसान नेताओं के अनुसार, 4 सितंबर की बैठक में उनकी मांगों को लेकर केंद्रीय स्तर पर चर्चा होगी. इसके बाद केंद्र के कृषि मंत्री के साथ भी बैठक होने की संभावना है. किसानों का कहना है कि आगामी बैठक में उनकी मांगों पर ठोस समाधान की उम्मीद है. फिलहाल, केंद्रीय ऊर्जा मंत्री मनोहर लाल खट्टर के साथ होने वाली बैठक के आश्वासन के बाद प्रस्तावित अर्धनग्न पैदल मार्च को रोक दिया गया है.