जींद पहुंची देश की पहली हाइड्रोजन ट्रेन, इस रूट पर होगा संचालन; खासियत जान रह जाएंगे हैरान

जींद | देश की पहली हाइड्रोजन ट्रेन के संचालन की तैयारियों ने जोर पकड़ लिया है. चेन्नई की इंटीग्रल फैक्ट्री में तैयार की गई यह ट्रेन जींद स्टेशन पर पहुंच चुकी है. इस ट्रेन में दो ड्राइवर पॉवर कार और 8 यात्री बोगियां है. जल्द ही, जींद रेलवे स्टेशन पर ट्रेन का लोड चेक के लिए फाइनल ट्रायल होगा. उसके बाद, रेलवे रिसर्च डिज़ाइन एंड स्टैंडर्ड आर्गेनाइजेशन (RDSO) और ग्रीन H कंपनी के अधिकारी रिपोर्ट तैयार करेंगे.

hydrogen train

इसी रिपोर्ट के आधार पर पीएमओ से मंजूरी मिलने के बाद हाईड्रोजन ट्रेन के संचालन को हरी झंडी दिखा दी जाएगी. 110- 140 किलोमीटर प्रति घंटा की रफ्तार से चलने वाली इस ट्रेन में एक बार में 2,638 यात्री सफर कर सकेंगे. अभी तक दूसरे देशों में 500- 600 हॉर्स पावर की क्षमता वाली हाईड्रोजन ट्रेन संचालित हो रही है लेकिन भारत में बनी इस स्वदेशी ट्रेन में 1200 हॉर्स पावर की क्षमता वाला इंजन इस्तेमाल किया गया है.

जींद पहुंची हाइड्रोजन ट्रेन

हाइड्रोजन फ्यूल सेल द्वारा संचालित ये ट्रेन डीजल ट्रेनों के विपरीत इमिशन के रूप में सिर्फ पानी और हीट जनरेट करती हैं. यह ट्रेन पारंपरिक डीजल ट्रेनों का एक पर्यावरण एवं अनुकूल विकल्प है जो शून्य कार्बन उत्सर्जन करती है. इसके इंजन धुएं के बजाय पानी व भाप छोड़ेंगे, जिससे प्रदूषण नहीं फैलेगा. हाइड्रोजन ट्रेन के संचालन के दौरान नाममात्र आवाज रहेगी.

120 करोड़ से बना हाइड्रोजन प्लांट

जींद जंक्शन पर 2 हजार वर्ग मीटर एरिया में 120 करोड़ रुपए की लागत से हाइड्रोजन गैस प्लांट बनाया गया है. प्लांट में जमीन के नीचे हाइड्रोजन गैस का भंडारण तैयार किया गया है. इसमें लगभग 3,000 किलोग्राम गैस भंडारण की क्षमता हैं. इस प्लांट को हर घंटे 40 हजार लीटर पानी की जरूरत होगी. हाइड्रोजन गैस और ऑक्सीजन को अलग करने के बाद वेस्टेज पानी का इस्तेमाल रेलवे कोचों की साफ- सफाई और फसलों में सिंचाई के लिए किया जा सकेगा. हाईड्रोजन गैस प्लांट में टेस्टिंग का काम चल रहा है जिसमें 10 दिन का समय लगेगा.

हाइड्रोजन ट्रेन जींद पहुंच गई है. अभी प्लांट में टेस्टिंग का काम चल रहा है. 8 से 10 दिन में ये काम पूरा हो जाएगा. उसके बाद, ट्रेन का संचालन जींद-  सोनीपत रूट पर किया जाएगा. इस महीने के आखिर तक ट्रेन के पटरी पर उतरने की पूरी उम्मीद है. हालांकि, अभी फाइनल तारीख निर्धारित नहीं है- संजय कुमार, प्रोजेक्ट मैनेजर, हाइड्रोजन प्लांट

यह भी पढ़े -  जींद के उचाना में नए स्वास्थ्य केंद्र का रास्ता साफ, PWD ने जारी किया टेंडर
Avatar of Ajay Sehrawat
Ajay Sehrawat
View all posts

मेरा नाम अजय सहरावत है. मीडिया जगत में पिछले 6 साल से काम कर रहा हूँ. बीते साढ़े 5 साल से Haryana E Khabar डिजिटल न्यूज़ वेबसाइट के लिए बतौर कंटेंट राइटर के पद पर काम कर रहा हूँ.