नए साल पर मिलेगी जींद- सोनीपत ग्रीनफील्ड हाइवे की सौगात, दिल्ली समेत IGI एयरपोर्ट की राह होगी आसान

जींद | हरियाणा में आमजन के सफर को आसान बनाने के लिए हाइवे और एक्सप्रेसवे का जाल बिछाया जा रहा है. इसी कड़ी में जींद (Jind) जिले के लोगों के लिए खुशखबरी सामने आई है. आगामी वर्ष की शुरूआत में ही यहां के लोगों को जींद- सोनीपत ग्रीनफील्ड नेशनल हाइवे की सुविधा का लाभ मिलेगा. इस ग्रीनफील्ड हाईवे के निर्माण का कार्य अंतिम चरण में पहुंच चुका है. इसके शुरू होने के बाद जींद से सोनीपत की दूरी मात्र 1 घंटे में तय की जा सकेगी.

Highway Road 3

जींद को होगा लाभ: डॉ. मिड्ढा

जींद विधानसभा क्षेत्र से बीजेपी विधायक एवं डिप्टी स्पीकर डॉ. कृष्ण मिढ्ढा ने बताया कि साल 2025 की शुरूआत में ही जींद- सोनीपत ग्रीनफील्ड नेशनल हाइवे वाहनों के लिए खुल जाएगा और वाहन सरपट दौड़ते नजर आएंगे. इस समय ग्रीनफील्ड हाईवे के निर्माण का कार्य अंतिम चरण में चला हुआ है. इस हाइवे के शुरू होने के बाद जींद से सोनीपत के लिए मात्र एक घंटे का ही समय लगेगा. इसके अलावा, दिल्ली एयरपोर्ट जाने वाले वाहन चालकों को भी इस रास्ते से जाने में आसानी होगी.

799 करोड़ रूपए आई लागत

गौरतलब है कि लगभग 4 साल पहले जींद- सोनीपत ग्रीनफील्ड NH- 352A का निर्माण कार्य शुरू हुआ था. लगभग 80 किलोमीटर लंबे इस नेशनल हाइवे के निर्माण पर लगभग 799 करोड़ रुपये की राशि खर्च हुई है. जब हाइवे का निर्माण कार्य शुरू हुआ, तो नवंबर 2023 तक इसे पूरा करने की डेडलाइन रखी गई. इसके बाद, समय पर काम पूरा नहीं हो पाया तो डेडलाइन बढ़ा कर मार्च 2024 रखी गई. इस समय में भी काम पूरा नहीं हुआ, तो अब जनवरी 2025 तक इसे पूरा करने का लक्ष्य रखा गया है.

दिल्ली- चंडीगढ़ हाइवे पर मिलेगी सीधी कनेक्टिविटी

यह नेशनल हाईवे सोनीपत जिले के मुरथल से गुजर रहे NH- 44 (पुराना NH- 1) से शुरू होकर सोनीपत और गोहाना से होते हुए जींद बाईपास पर नए बस अड्डे के साइड में आकर खत्म होगा. यहां जलेबी चौक का निर्माण कार्य चल रहा है. अब उम्मीद है आगामी 2 माह में हाईवे निर्माण का काम पूरा हो जाएगा.

जींद से सोनीपत पहुंचने में लगेगा मात्र 1 घंटे का समय

ग्रीनफील्ड नेशनल हाइवे का निर्माण पूरा होने के बाद जींद से अपने निजी वाहन में सोनीपत पहुंचने में महज 1 घंटे का समय ही लगेगा. इन दोनों जिला मुख्यालयों के बीच की दूरी महज 80 किलोमीटर है और इस दूरी को तय करने में लगभग 2 से ढ़ाई घंटे का समय लगता हैं. गोहाना शहर में ही ट्रैफिक जाम के चलते आधे घंटा लग जाता है. ऐसे में ग्रीनफील्ड नेशनल हाइवे का निर्माण पूरा हो जाने के बाद जींद से सोनीपत, दिल्ली या पानीपत की तरफ जाने वाले वाहनों को गोहाना शहर में एंट्री की जरूरत ही नहीं रहेगी. वाहन गोहाना शहर के बाहर बाईपास से ही निकल जाएंगे.

IGI एयरपोर्ट की राह होगी आसान

ग्रीनफील्ड नेशनल हाईवे जींद से गोहाना तक किसी भी गांव के नजदीक से नहीं गुजरेगा. इस कारण वाहन इस हाइवे पर सरपट दौड़ सकेंगे. गोहाना से सोनीपत तक भी हाइवे को गांवों से दूर कर बाईपास बना दिए गए हैं. पंजाब की तरफ से एयरपोर्ट जाने वाले वाहन चालकों को भी इसका फायदा होगा. फिलहाल, जींद से रोहतक, बहादुरगढ़ होते हुए दिल्ली स्थित IGI एयरपोर्ट जाना पड़ता है, लेकिन अब जींद से सीधे सोनीपत के मुरथल होकर एयरपोर्ट जाने में कम समय लगेगा.

Avatar of Ajay Sehrawat
Ajay Sehrawat
View all posts

मेरा नाम अजय सहरावत है. मीडिया जगत में पिछले 6 साल से काम कर रहा हूँ. बीते साढ़े 5 साल से Haryana E Khabar डिजिटल न्यूज़ वेबसाइट के लिए बतौर कंटेंट राइटर के पद पर काम कर रहा हूँ.