जींद | हरियाणा रोडवेज बसों में सफर करने वाले यात्रियों के लिए एक अच्छी खबर सामने आई है. बता दें कि जींद से डबवाली के लिए रोडवेज बस सेवा को फिर से हरी झंडी दिखा दी गई है. पिछले 1 महीने से इस बस के संचालन पर रोक लगी हुई थी, लेकिन अब दोबारा शुरू होने पर जींद ही नहीं बल्कि हांसी, हिसार, फतेहाबाद और सिरसा के लोगों को भी फायदा पहुंचेगा.
यह रहेगा शेड्यूल
यह बस जींद बस स्टैंड से सुबह 6 बजे रवाना होकर हांसी, हिसार, फतेहाबाद और सिरसा होते हुए सवा 11 बजे के करीब डबवाली पहुंचेगी. यहां 30 मिनट के ठहराव के बाद वापसी में 11.45 बजे रवाना होकर शाम साढ़े 5 बजे जींद पहुंचेगी. इस बस में जींद से डबवाली तक प्रति व्यक्ति यात्री किराया 270 रुपए रखा गया है.
यात्रियों की डिमांड पर फिर हुआ संचालन
जींद रोडवेज डिपो के एक अधिकारी जसमेर खटकड़ ने बताया कि यात्रियों की कमी के चलते जींद से डबवाली जाने वाली बस के संचालन पर रोक लगा दी गई थी, लेकिन अब यात्रियों की डिमांड पर फिर से इस बस को शुरू किया गया है. उन्होंने बताया कि प्रतिदिन बस के संचालन का शेड्यूल यही रहेगा.
जसमेर खटकड़ ने बताया कि इससे पहले जींद से डबवाली के लिए कोई सीधी बस सेवा नहीं थी. यात्रियों को पहले जींद से हिसार जाकर डबवाली के लिए बस पकड़नी पड़ती थी. ऐसे में समय और किराया दोनों ज्यादा लगते थे, लेकिन अब सीधी बस सेवा शुरू होने पर उन्हें राहत पहुंचेगी. इतने लंबे रूट पर जींद के लोगों को अपने गृह जिले से ही सीट की सुविधा मिलेगी. इससे उनका सफर आरामदायक हो जाएगा.
