जींद | हरियाणा विधानसभा चुनाव में अप्रत्याशित हार का सदमा झेलने वाली कांग्रेस (Haryana Congress) पार्टी के सामने एक और नई मुसीबत खड़ी हो गई है. जींद जिले की जुलाना विधानसभा सीट से कांग्रेस की टिकट के लिए आवेदन करने वाले असंतोष व्यक्त कर रहे हैं. इन लोगों ने टिकट आवंटन प्रक्रिया में पारदर्शिता और निष्पक्षता पर सवाल खड़े कर दिए हैं.
महिला पहलवान फोगाट को मिली थी टिकट
कांग्रेस पार्टी ने जुलाना विधानसभा सीट से महिला पहलवान विनेश फोगाट को टिकट दिया था और उन्होंने जीत हासिल कर पार्टी की उम्मीदों पर खरा उतरने का काम किया था. हालांकि, विनेश फोगाट ने टिकट के लिए आवेदन नहीं किया था. ऐसे में अब इस टिकट के लिए आवेदन करने वाले बाकी नेताओं ने अपना आवेदन शुल्क वापस मांगा है. इनमें से कुछ नेताओं ने पार्टी पर धोखा करने का आरोप लगाया है, जबकि कुछ दावेदारों ने मानसिक प्रताड़ना का मुआवजा भी मांगा है.
86 लोगों ने किया था आवेदन
जुलाना विधानसभा सीट से कांग्रेस पार्टी की टिकट के लिए 86 लोगों ने आवेदन किया था. इनमें जनरल श्रेणी के आवेदकों से 20 हजार रूपए, महिला, एससी और बीसी वर्ग के आवेदकों से 5 हजार रूपए आवेदन फीस जमा कराई गई थी. सभी आवेदक इंटरव्यू प्रकिया से गुजरे थे, जबकि पार्टी ने विनेश फोगाट को टिकट दिया और उन्होंने आवेदन भी नहीं किया था. अब चुनाव बीत जाने के बाद सभी दावेदार नाराजगी जताते हुए पार्टी पर धोखा देने का आरोप लगा रहे हैं.
HPCC को लिखा पत्र
61 वर्षीय सत्यवीर सिंह गौतम और प्रेम कौर लाठर ने HPCC को पत्र लिखकर अपना पैसा वापस मांगा है. सत्यवीर सिंह ने कहा कि वह 1989 से कांग्रेस कार्यकर्ता हैं और उन्होंने टिकट आवेदन शुल्क के रूप में 20 हजार रूपए का ड्राफ्ट जमा किया था. वहीं, प्रेम कौर लाठर ने भी टिकट के लिए आवेदन किया था. दोनों ने मानसिक प्रताड़ना के लिए मुआवजे की भी मांग की है.
सत्यवीर सिंह ने HPCC अध्यक्ष को कानूनी नोटिस भी भेजा है. उन्होंने कहा कि उन्होंने 25 जुलाई को 20 हजार रूपए का ड्राफ्ट जमा किया था और इंटरव्यू प्रकिया के दौरान भी काफी खर्च सहना पड़ा था. उन्हें अब लगता है कि यह सब दिखावा था और उन्हें आर्थिक नुकसान और मानसिक प्रताड़ना हुई है. उनके वकील ने HPCC को भेजे नोटिस में लिखा है कि आपके कार्यों से यह साफ होता है कि पूरी प्रक्रिया बिना किसी वास्तविक विचार के की गई थी.
उन्होंने अपने नोटिस में लिखा है कि अगर 20 हजार रूपए और मुआवजा नहीं दिया गया तो वे HPCC के खिलाफ कानूनी कार्रवाई करेंगे. नोटिस की कॉपी AICC अध्यक्ष, हरियाणा प्रभारी दीपक बावरिया और स्क्रीनिंग कमेटी के अध्यक्ष अजय माकन को भी भेजी गई है.
