करनाल | हरियाणा के सीएम नायब सैनी कल करनाल दौरे पर पहुंचे थे जहां उन्होंने जेल प्रशिक्षण अकादमी में आयोजित दीक्षांत परेड समारोह में बतौर मुख्य अतिथि शिरकत की. इस समारोह को संबोधित करते हुए मुख्यमंत्री ने जेल वार्डरों के हितों को ध्यान में रखते हुए कई बड़ी घोषणाएं कर समारोह को जेल वार्डरों के लिए यादगार बना दिया.
हरियाणा CM ने समारोह को बनाया यादगार
सीएम नायब सैनी ने दीक्षांत समारोह को संबोधित करते हुए जेल वार्डरों और पुलिस कॉन्स्टेबल की पदोन्नति, सेवा विस्तार और भत्तों में विसंगतियों को दूर करने की बड़ी घोषणा की. उन्होंने कहा कि अब जेल वार्डर को 18 साल की सेवा अवधि में हेड वार्डर के पद पर पदोन्नति मिल जाएगी. सुधारात्मक सेवा पदक प्राप्त करने वाले अधिकारियों व कर्मचारियों को 1 साल के सेवा- विस्तार का लाभ मिलेगा. जेल वार्डर व हेड वार्डर को भी पुलिस कांस्टेबल के समान भत्ता मिलेगा.
इसके साथ ही मुख्यमंत्री ने राशन भत्ते को बढ़ाकर 1500 रुपए, परिवहन भत्ते को 50 रुपए से बढ़ाकर 720 रुपए और वर्दी भत्ता बढ़ाकर साढ़े 7 हजार रुपए करने की भी बड़ी घोषणा की. उन्होंने बताया कि जेल से रिहा होकर कैदी सम्मानजनक रोजगार हासिल कर समाज की मुख्य धारा में शामिल हो सकें, इसके लिए प्रदेश की 5 जेलों में ITI के डिप्लोमा कोर्स व पॉलिटेक्निक कोर्सेज की शुरुआत की गई है. ये कौशल प्राप्त करने वाले कैदियों को सजा की अवधि समाप्त होने पर HKRN के माध्यम से रोजगार देने के लिए MoU भी किया गया है.
कैदियों के लिए पेट्रोल पंप
मुख्यमंत्री ने बताया कि कैदियों को रोजगार मुहैया कराने के उद्देश्य से प्रदेश की 8 जेलों में पेट्रोल पंप खोले गए हैं. जल्द ही चार और जेलों में भी पेट्रोल पंप खोले जाएंगे. यहां काम कर कैदी जेल में अपने निजी खर्च को पूरा कर सकेंगे जिससे उन्हें पैसे के लिए परिवार पर निर्भर नहीं रहना पड़ेगा. इस पहल की कैदियों ने जमकर सराहना की है.
