कुरुक्षेत्र | हरियाणा के CM नायब सिंह सैनी ने बुधवार देर रात मानवता का परिचय देते हुए सड़क हादसे में घायल दो युवकों की मदद की. लाडवा- बाबैन रोड पर हुए हादसे में दोनों युवक सड़क पर घायल अवस्था में पड़े थे. इस दौरान वहां से गुजर रहे मुख्यमंत्री ने उन्हें देखा और तुरंत अपना काफिला रुकवा लिया. CM कार से उतरकर सीधे घायलों के पास पहुंचे और उनकी स्थिति की जानकारी ली. उन्होंने मौके पर मौजूद अधिकारियों और सुरक्षा कर्मियों को तत्काल सहायता के निर्देश दिए. आसपास कोई वाहन उपलब्ध न होने पर काफिले में शामिल एडवांस लाइफ सपोर्ट एंबुलेंस को बुलाया गया और दोनों घायलों को तुरंत अस्पताल भेजा गया.

घायलों की पहचान गांव बीड़ कलवा निवासी 27 वर्षीय अमित और गांव सूरजगढ़ निवासी 30 वर्षीय रजत कुमार के रूप में हुई है. दोनों युवक बाइक पर शाहाबाद से बाबैन की ओर जा रहे थे. बताया गया कि डीग चौक के पास उनकी मोटरसाइकिल एक ट्रैक्टर-ट्रॉली से टकरा गई. हादसे के बाद ट्रैक्टर चालक मौके से फरार हो गया.
CM सैनी ने दिखाई इंसानियत
मुख्यमंत्री कुछ समय तक घटनास्थल पर रुके रहे और घायलों की हालत के बारे में जानकारी लेते रहे. दोनों को पहले शाहाबाद के सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र में भर्ती कराया गया, जहां प्राथमिक उपचार के बाद गंभीर स्थिति को देखते हुए चिकित्सकों ने उन्हें पीजीआई चंडीगढ़ रेफर कर दिया. इस दौरान मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी ने कहा कि सड़क पर किसी व्यक्ति को घायल अवस्था में देखना बेहद पीड़ादायक होता है. उन्होंने कहा कि एक जनप्रतिनिधि इंसान के रूप में भी जरूरतमंद की सहायता करना सबसे पहला कर्तव्य है. उन्होंने बताया कि सरकार ने विधायकों, सांसदों और अधिकारियों को अपने काफिलों के साथ एंबुलेंस रखने के निर्देश दिए हैं जिससे आपात स्थिति में तुरंत मदद पहुंचाई जा सके.
मुख्यमंत्री श्री @NayabSainiBJP ने लाडवा-बाबैन मार्ग पर सड़क दुर्घटना में घायल दो बाइक सवार युवकों की सहायता के लिए अपना काफिला रुकवाया।
उन्होंने तत्काल स्थिति का संज्ञान लेते हुए अपने काफिले में मौजूद एम्बुलेंस से दोनों घायलों को अस्पताल भिजवाकर उनके शीघ्र उपचार की व्यवस्था… pic.twitter.com/qPANpGCbUQ
— DPR Haryana (@DiprHaryana) June 24, 2026
घायल युवकों की बचाई जान
सीएम ने प्रदेशवासियों से भी अपील की कि सड़क दुर्घटना के बाद ‘गोल्डन ऑवर’ के दौरान घायल व्यक्ति को जल्द अस्पताल पहुंचाना जीवन बचाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाता है. उन्होंने कहा कि हरियाणा सुरक्षित सड़क नीति के तहत हादसे में घायल लोगों की मदद करने वालों को सरकार की ओर से प्रोत्साहन राशि और प्रशस्ति पत्र भी दिया जाता है. बता दें कि मुख्यमंत्री बाबैन में मंदिर का गुंबद गिरने की घटना में दिवंगत हुए मुख्य पुजारी महंत नटराजन गिरी को श्रद्धांजलि देने गए थे. वापसी के दौरान उन्होंने यह हादसा देखा और तत्काल मदद के लिए आगे आए.