चंडीगढ़ | हरियाणा स्वास्थ्य विभाग द्वारा जिला अस्पतालों में स्वास्थ्य सुविधाओं में बढ़ावा देने के उद्देश्य से नई योजना तैयार की है. इसके तहत, राज्य के 2 जिला अस्पतालों कुरुक्षेत्र और पानीपत में MRI सुविधा की शुरुआत की जाएगी. इसके अलावा, बहादुरगढ़ और चरखी दादरी के सामान्य अस्पतालों में सीटी स्कैन की सुविधा उपलब्ध करवाई जाएगी.
टेंडर प्रक्रिया हुई पूरी
इसके लिए टेंडर की प्रक्रिया भी पूरी हो चुकी है. अनुमान है कि नए साल तक यह सेवाएं इन अस्पतालों में शुरू हो जाएंगी. बता दें कि वर्तमान में प्रदेश के 17 सिविल अस्पतालों में पीपीपी मोड पर सीटी स्कैन और 5 में MRI की सुविधा उपलब्ध करवाई गई है. पंचकुला, अंबाला, करनाल, गुरुग्राम सहित कुछ चुनिंदा अस्पताल है, जहाँ पर MRI की सुविधा मुहैया करवाई जा रही हैं.
मरीजों को अब नहीं करना पड़ेगा इंतजार
वर्तमान में MRI करवाने के लिए सरकारी अस्पतालों में काफी इंतजार करना पड़ता है या फिर निजी केंद्रों पर ज्यादा दामों पर टेस्ट करवाना पड़ता है. प्रदेश सरकार अब पानीपत और कुरुक्षेत्र में यह सेवा शुरू कर मरीजों को बड़ा लाभ देने की तैयारी कर रही है. इस विषय में जानकारी देते हुए स्वास्थ्य मंत्री आरती राव ने बताया कि प्रदेश में स्वास्थ्य सेवाओं में विस्तार के लिए काम किया जा रहा है. जल्द ही, सरकारी अस्पतालों में सभी जरूरी सेवाएं भी उपलब्ध करवाई जाएगी.
कैथ लैब के लिए मांगे प्रस्ताव
स्वास्थ्य निदेशालय द्वारा जिला अस्पतालों में कैथ लैब शुरू किए जाने को लेकर प्रस्ताव मांगे हैं. फिलहाल, पलवल जिले से प्रस्ताव आ चुका है. मंत्रालय सभी जिलों में कैथलैब की शुरुआत करने की योजना पर काम कर रहा है. इसके लिए अतिरिक्त जमीन की आवश्यकता महसूस होगी.
