कुरुक्षेत्र | होली पर्व के शुभ अवसर पर हरियाणा की जनता के लिए दो बड़ी खुशखबरी सामने आई है. धर्मनगरी कुरुक्षेत्र के लाडवा में आयोजित कृषि विकास मेले में बतौर मुख्य अतिथि शिरकत करने पहुंचे मुख्यमंत्री नायब सैनी ने दो बड़ी घोषणाएं की है. इस कृषि मेले के उद्घाटन समारोह को संबोधित करते हुए उन्होंने कहा कि यह मेला किसानों को आधुनिक कृषि यंत्रों, उन्नत बीजों, नई तकनीकों और वैज्ञानिक सलाह से जोड़ने का एक सशक्त मंच है.
मुख्यमंत्री ने कहा कि हर योजना का लाभ किसान तक पहुंचे यह सरकार की सबसे बड़ी प्राथमिकता है. उन्होंने कहा कि केंद्र व राज्य सरकार द्वारा किसानों के कल्याणार्थ हेतु कई योजनाएं चलाई जा रही है जिसका सीधा लाभ पाकर आज प्रदेश का किसान आर्थिक रूप से समृद्ध हो रहा है. इस अवसर पर मुख्यमंत्री ने लाडवा की 9 सड़कों के सुदृढ़ीकरण और लगभग 16 करोड़ रुपये की लागत से बनने वाले सचिवालय निर्माण कार्य का भी शिलान्यास किया.
मुख्यमंत्री की पहली बड़ी घोषणा
मुख्यमंत्री नायब सैनी ने कुरुक्षेत्र में वैदिक कृषि व आधुनिक प्रबंधन प्रणाली का संस्थान खोलने की बडी घोषणा की. गांव मथाना में 10 एकड़ भूमि पर जैविक कृषि व आधुनिक प्रबंधन प्रणाली संस्थान खोला जाएगा. इस संस्थान में कृषि साइंस के UG, PG से लेकर PhD तक के कोर्स उपलब्ध होंगे.
मुख्यमंत्री की दूसरी बड़ी घोषणा
हरियाणा के मुख्यमंत्री ने बड़ी घोषणा करते हुए कहा कि कैथल से यमुनानगर वाया ढांड, पिपली, रादौर सड़क मार्ग को फोरलेन बनाया जाएगा. यह फोरलेन मार्ग NH- 152D, NH-44 और शामली एक्सप्रेसवे को जोड़ेगा. इस सड़क मार्ग के फोरलेन निर्माण से कैथल, कुरुक्षेत्र व यमुनानगर से UP व उत्तराखंड तक का सफर सुरक्षित व आरामदायक हो जाएगा. भोले नाथ की नगरी हरिद्वार जाने वाले श्रद्धालुओं को भी इसका स्पेशल फायदा पहुंचेगा.
