कुरुक्षेत्र | हरियाणा से खाटूश्याम धाम पर आयोजित वार्षिक फाल्गुनी मेले में जाने वाले श्रद्धालुओं को उत्तर पश्चिम रेलवे ने बड़ी सौगात दी है. इस अवसर पर श्रद्धालुओं की अतिरिक्त भीड़- भाड़ को देखते हुए भारतीय रेलवे (Indian Railways) ने दो जोड़ी अनारक्षित स्पेशल ट्रेनों के संचालन का ऐलान कर दिया है. इन ट्रेनों के संचालन से कई जिलों से खाटूश्याम जाने वाले श्रद्धालुओं को सीधी राहत पहुंचेगी.
कुरुक्षेत्र- फुलेरा स्पेशल ट्रेन
उत्तर पश्चिम रेलवे के मुख्य जनसंपर्क अधिकारी अमित सुदर्शन ने बताया कि ट्रेन नंबर 09711, कुरुक्षेत्र- फुलेरा स्पेशल ट्रेन 23-28 फरवरी तक कुरुक्षेत्र से रात साढ़े 11 बजे रवाना होकर अगले दिन सुबह साढ़े 8 बजे फुलेरा पहुंचेगी. इसी तरह वापसी में ट्रेन नंबर 09712, फुलेरा- कुरुक्षेत्र स्पेशल ट्रेन 24 फरवरी से 1 मार्च तक फुलेरा से सुबह 09.50 बजे रवाना होकर रात 8 बजे कुरुक्षेत्र आगमन करेगी.
बीच रास्ते यह ट्रेन दोनों दिशाओं में कैथल, नरवाना, जींद, रोहतक, अस्थल बोहर, झज्जर, रेवाड़ी, कुंड, अटेली, नारनौल, डाबला, नीम का थाना, कावंट, श्रीमाधोपुर, रींगस और रेनवाल स्टेशनों पर ठहराव करेगी.
दिल्ली सराय- फुलेरा स्पेशल ट्रेन
ट्रेन नंबर 09713, फुलेरा- दिल्ली सराय स्पेशल ट्रेन 24 फरवरी से 1 मार्च तक फुलेरा से सुबह 11.40 बजे रवाना होकर शाम 06.05 बजे दिल्ली सराय आगमन करेगी. इसी तरह वापसी में ट्रेन नंबर 09714, दिल्ली सराय- फुलेरा 24 फरवरी से 1 मार्च तक दिल्ली सराय से शाम 07.10 बजे रवाना होकर रात ढाई बजे रींगस पहुंचेगी.
बीच रास्ते यह ट्रेन दोनों दिशाओं में रेनवाल, रींगस, श्रीमाधोपुर, कावंट, नीम का थाना, मांवड़ा, डाबला, नारनौल, अटेली, कुंड, रेवाड़ी, पटौदी रोड, गुरुग्राम और दिल्ली कैंट स्टेशनों पर ठहराव करेगी. दोनों ही ट्रेनें अनारक्षित रहेगी. ऐसे में यात्री सामान्य टिकट लेकर खाटूश्याम की यात्रा आरामदायक बना सकेंगे.
