महेंद्रगढ़ | दक्षिण हरियाणा के महेंद्रगढ़ जिले के आधा दर्जन से ज्यादा गांवों के लिए राहत भरी खबर सामने आई है. बता दें कि यहां गांव डालनवास में बिजली विभाग द्वारा नया सब-स्टेशन स्थापित करने की योजना को मंजूरी प्रदान कर दी गई है. मौजूदा समय में डालनवास गांव में बारड़ा गांव स्थित पॉवर हाउस से बिजली आपूर्ति होती है.

5 गांवों को मिलेगी राहत
बारड़ा के ही इसी पॉवर हाउस से गांव बारड़ा, डिगरोता, डालनवास, गादडवास व माधोगढ़ में बिजली आपूर्ति होती है. इनमें से किसी भी गांव में छोटा-मोटा फॉल्ट आ जाता है तो इन पांचों गांवों की बिजली आपूर्ति बाधित हो जाती है. वहीं, साथ ही बारड़ा गांव स्थित पॉवर हाउस ओवरलोडिंग की समस्या से भी जूझ रहा है जिससे बार-बार बिजली आपूर्ति बाधित होने से लोगों के घरों में लगे बिजली उपकरण जलने की संभावना बनी रहती है. कई बार इस तरह की घटनाएं घटित हो चुकी है.
बिजली आपूर्ति बाधित होने से किसानों को भी परेशानी झेलनी पड़ रही थी. इससे जहां सिंचाई प्रभावित हो रही थी तो वही साथ ही कम वोल्टेज की बिजली आपूर्ति से किसानों के बोरवेल की मोटर जल रही थी. इससे किसानों पर आर्थिक बोझ पड़ रहा था.
सांसद ने सिरे चढ़ाई योजना
इन सभी गांवों के लोगों ने मिलकर इस समस्या से छुटकारा दिलाने के लिए भिवानी- महेंद्रगढ़ लोकसभा सीट से बीजेपी सांसद चौधरी धर्मबीर सिंह से मुलाकात करते हुए गांव डालनवास में नया सब- स्टेशन बनाने के लिए जमीन का प्रस्ताव दिया था. इन गांवों के सरपंचों सहित अन्य लोगों ने सांसद से आग्रह करते हुए इस समस्या से जल्द से जल्द छुटकारा दिलाने की बात कही थी.
बीजेपी सांसद चौधरी धर्मबीर सिंह की सिफारिश पर हरियाणा विद्युत प्रसारण निगम लिमिटेड व दक्षिण हरियाणा बिजली वितरण निगम लिमिटेड की तरफ से गांव डालनवास में 33 kV के नए सब- स्टेशन बनाए जाने को मंजूरी प्रदान कर दी गई है. इस नए सब स्टेशन को सतनाली स्थित 132 kV फीडर से बिजली सप्लाई की जाएगी. इस नए सब- स्टेशन के शुरू होने पर गांव बारड़ा, डिगरोता, डालनवास, गादडवास व माधोगढ़ के लोगों को बड़े स्तर पर राहत पहुंचेगी. उन्हें कम वोल्टेज और बार- बार लगने वाले बिजली कटों से राहत मिलेगी.