महेंद्रगढ़ के नारनौल मेडिकल कॉलेज में निकली भर्ती, बिना लिखित परीक्षा होगा चयन

महेंद्रगढ़ | हरियाणा के महेंद्रगढ़ जिले के नारनौल में महर्षि च्यवन राजकीय मेडिकल कॉलेज एवं राव तुलाराम अस्पताल कोरियावास ने चिकित्सा क्षेत्र में करियर बनाने वाले युवाओं के लिए भर्ती प्रक्रिया शुरू कर दी है. संस्थान की ओर से सीनियर रेजिडेंट, जूनियर रेजिडेंट और ट्यूटर/ डेमोनस्ट्रेटर के कुल 93 पदों पर नियुक्तियों के लिए अधिसूचना जारी की गई है. बता दें कि भर्ती अनुबंध और टेन्योर आधार पर की जाएगी.

Job Exam Student Collage 2

उम्मीदवारों को किसी लिखित परीक्षा से नहीं गुजरना होगा. चयन प्रक्रिया पूरी तरह साक्षात्कार आधारित रहेगी. इससे योग्य अभ्यर्थियों को जल्द रोजगार का अवसर मिलेगा और अस्पताल में चिकित्सा सेवाएं भी मजबूत होंगी.

नारनौल मेडिकल कॉलेज में भर्ती

जारी अधिसूचना के अनुसार, सीनियर रेजिडेंट के 59, जूनियर रेजिडेंट के 19 और ट्यूटर/ डेमोनस्ट्रेटर के 15 पद भरे जाएंगे. सीनियर रेजिडेंट की नियुक्तियां जनरल मेडिसिन, जनरल सर्जरी, एनेस्थिसियोलॉजी, पीडियाट्रिक्स, कम्युनिटी मेडिसिन, फॉरेंसिक मेडिसिन, माइक्रोबायोलॉजी और एनाटॉमी समेत 19 विभागों में की जाएंगी. वहीं, ट्यूटर और डेमोनस्ट्रेटर पदों के लिए एनाटॉमी, फिजियोलॉजी, फार्माकोलॉजी, बायोकेमिस्ट्री, पैथोलॉजी, माइक्रोबायोलॉजी, फॉरेंसिक मेडिसिन और कम्युनिटी मेडिसिन विभागों में नियुक्तियां होंगी. जूनियर रेजिडेंट पदों के लिए आवेदन जमा कराने की अंतिम तिथि 22 जून 2026 शाम 5 बजे निर्धारित की गई है.

आयु में छूट

शैक्षणिक योग्यता की बात करें तो जूनियर रेजिडेंट और ट्यूटर पदों के लिए एनएमसी या एमसीआई मान्यता प्राप्त संस्थान से एमबीबीएस डिग्री और वैध मेडिकल रजिस्ट्रेशन अनिवार्य है. सीनियर रेजिडेंट पदों के लिए संबंधित विषय में एमडी, एमएस या डीएनबी डिग्री होना जरूरी है. डेमोनस्ट्रेटर पद के लिए एमएससी (मेडिकल) के साथ पीएचडी धारक उम्मीदवार भी आवेदन कर सकते हैं. सभी पदों के लिए आयु सीमा 22 से 45 वर्ष तय की गई है. हरियाणा के आरक्षित वर्ग के अभ्यर्थियों को सरकारी नियमों के अनुसार आयु में छूट मिलेगी.

यह भी पढ़े -  HSSC CET Group D, आवेदन प्रक्रिया तेज; हजारों अभ्यर्थियों ने किया रजिस्ट्रेशन

इतना मिलेगा वेतन

वेतनमान भी आकर्षक रखा गया है. सीनियर रेजिडेंट को पहले वर्ष 67,700 रुपये, दूसरे वर्ष 69,700 रुपये और तीसरे वर्ष 71,800 रुपये मूल वेतन के साथ अन्य भत्ते दिए जाएंगे. जूनियर रेजिडेंट को 56,100 रुपये मूल वेतन मिलेगा जबकि ट्यूटर और डेमोनस्ट्रेटर को पीजीआईएमएस रोहतक के नियमों के अनुसार वेतन व भत्ते प्रदान किए जाएंगे. मेडिकल कॉलेज के निदेशक डॉ. बिजेंद्र ढिल्लो ने बताया कि इच्छुक अभ्यर्थी आवेदन पत्र डाउनलोड कर आवश्यक दस्तावेजों सहित निर्धारित समय सीमा के भीतर निदेशक कार्यालय में जमा कर सकते हैं. चयन सीधे इंटरव्यू के आधार पर किया जाएगा.

Avatar of Sanjucta Pandit
Sanjucta Pandit
View all posts

मेरा नाम संयुक्ता पंडित है. मै हरियाणा ई खबर में बतौर कंटेंट एडिटर के पोस्ट पर लगभग 4 सालों से काम रही हूँ. मेरी हमेशा कोशिश रहती है आप लोगो तक ब्रेकिंग न्यूज़ जल्द से जल्द अपडेट करूं और न्यूज़ में कोई व्याकरण की गलती न हो.