महेंद्रगढ़ | हरियाणा में SC और OBC वर्ग के स्टूडेंट्स के लिए एक अच्छी खबर सामने आई है. इन छात्रों को हरियाणा केन्द्रीय विश्वविद्यालय महेंद्रगढ़ के डाॅ. अंबेडकर उत्कृष्टता केंद्र (डीएसीई) की ओर से यूनियन पब्लिक सर्विस कमीशन (UPSC) और हरियाणा सिविल सेवा (HCS) जैसी प्रतियोगी परीक्षाओं के लिए मुफ्त कोचिंग दी जा रही है.
कुलपति प्रो. टंकेशवर कुमार ने नए सत्र के लिए शुरू हुई इस रजिस्ट्रेशन प्रक्रिया की घोषणा करते हुए कहा कि इसके लिए ऑनलाइन आवेदन आमंत्रित किए गए हैं. उन्होंने बताया कि सामाजिक न्याय एवं अधिकारिता मंत्रालय भारत सरकार के सहयोग से संचालित इस केंद्र के माध्यम से पिछले तीन सालों में लगभग 70 अभ्यर्थियों ने IAS, IPS, HCS सहित विभिन्न सरकारी सेवाओं में सफलता प्राप्त की है.
फ्री कोचिंग के लिए पात्रता
उन्होंने बताया कि UPSC और HCS की प्रतियोगी परीक्षाओं के लिए मुफ्त कोचिंग का लाभ केवल उन्हीं छात्रों को मिलेगा, जिनके परिवार की सालाना आमदनी 8 लाख रुपए से कम होगी. इसके अलावा, जनरल श्रेणी के स्टूडेंट्स के लिए 50 सीटें निर्धारित की गई है, जिनपर अभ्यर्थियों को सेल्फ फाइनेंस के आधार पर प्रवेश मिलेगा.
इस योजना के अन्तर्गत, इच्छुक 50 अभ्यर्थी निर्धारित शुल्क का भुगतान कर प्रवेश पा सकेंगे. डाॅ. अंबेडकर उत्कृष्टता केंद्र के अंतर्गत ऑनलाइन रजिस्ट्रेशन प्रक्रिया 7 अगस्त से शुरू होगी. चयन प्रक्रिया प्रवेश परीक्षा के माध्यम से की जायेगी.
4 हजार रुपए महीना छात्रवृत्ति
चयनित SC- OBC अभ्यर्थियों को डाॅ. अंबेडकर फाउंडेशन, सामाजिक न्याय एवं अधिकारिता मंत्रालय की ओर से हर महीने 4 हजार रुपये की छात्रवृत्ति भी प्रदान की जाएगी. कोचिंग कार्यक्रम से जुड़ी विस्तृत जानकारी एवं आवेदन प्रक्रिया विश्वविद्यालय की आधिकारिक वेबसाइट पर उपलब्ध करा दी गई है.
