महेंद्रगढ़ | दक्षिण हरियाणा के महेंद्रगढ़ जिले के गांव सुन्दरह से एक अच्छी खबर सामने आई है. इस गांव को ग्रामीण उत्थान भारत निर्माण द्वारा संचालित ई- लाईब्रेरी सह अध्ययन केंद्र की सौगात मिली है. स्वर्गीय राव हरद्वारी लाल की स्मृति में समर्पित इस लाईब्रेरी का ग्रामीण उत्थान भारत निर्माण के संयोजक मेजर डॉ. टीसी राव द्वारा उद्घाटन किया गया है. अहीरवाल क्षेत्र में यह 14वीं लाईब्रेरी खोली गई है, जहां क्षेत्र के स्टूडेंट्स नि:शुल्क अध्ययन कर सकेंगे.
प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी कर सकेंगे स्टूडेंट्स
स्टूडेंट्स और कम्प्यूटर शिक्षा ग्रहण करने के इच्छुक स्टूडेंट्स के लिए यह ई- लाईसेंस विशेष रूप से उपयोगी साबित होगी. इस लाईब्रेरी में प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी करने वाले स्टूडेंट्स के लिए 1 हजार से ज्यादा पुस्तकों की सुविधा उपलब्ध कराई गई है. इसके अलावा, 7 कम्प्यूटर और फोटो कॉपियर उपलब्ध करवाएं गए हैं.
इस लाईब्रेरी में 50 स्टूडेंट्स के बैठने की व्यवस्था दो शिफ्टों में की गई है. इसके साथ ही स्टूडेंट्स की सुविधा के लिए एसी, वाटर कूलर और सीसीटीवी कैमरे लगाए गए हैं. इसके साथ ही, लाईब्रेरी में Wi- Fi सुविधा और नि:शुल्क स्टेशनरी भी उपलब्ध कराई गई है. स्टूडेंट्स को निःशुल्क कोचिंग और मार्गदर्शन के लिए दो टीचरों की नियुक्ति की गई है.
अहीरवाल क्षेत्र में 14वीं लाईब्रेरी
ग्रामीण उत्थान भारत निर्माण के संयोजक मेजर डॉ टीसी राव द्वारा संचालित अहीरवाल क्षेत्र में यह 14वीं ई- लाईब्रेरी खोली गई है. जो जरूरतमंद स्टूडेंट्स के भविष्य का निर्माण करने में महत्वपूर्ण भूमिका अदा करेगी. बता दें कि सुन्दरह गांव डॉ टीसी राव की ससुराल हैं. इस लाईब्रेरी की स्थापना की घोषणा उनके द्वारा पिछले साल एक जनसभा में की गई थी.
