हरियाणा ग्रुप डी की लंबित भर्तियां जारी करने के लिए बेरोजगार युवा कर रहे प्रयास, उपायुक्त को सौंपा ज्ञापन

कनीना | हरियाणा के बेरोजगार युवाओं की तरफ से ग्रुप डी भर्ती की अतिरिक्त लिस्ट जारी करवाने के लिए प्रयास किया जा रहे हैं. ग्रुप-डी भर्ती से संबंधित अभ्यर्थियों ने उपायुक्त के जरिए मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी व मुख्य सचिव व हरियाणा कर्मचारी चयन आयोग (HSSC) अध्यक्ष के नाम ज्ञापन सौंपकर लंबित रिक्तियों का परिणाम जारी करने की मांग उठाई है.

HSSC Panchkula

विभिन्न विभागों में 4078 से ज्यादा पद रिक्त

अभ्यर्थियों का कहना है कि हरियाणा सरकार की तरफ से बेरोजगार युवाओं को आश्वासन दिया गया था कि ‘एक भी पद खाली नहीं छोड़ा जाएगा’ जबकि फिलहाल विभिन्न विभागों में 4078 से ज्यादा पद रिक्त पड़े हैं. अभ्यर्थियों ने बताया कि 2 जुलाई 2025 के बाद आज तक कोई भी अतिरिक्त लिस्ट अथवा वेटिंग लिस्ट जारी नहीं हुई है, जिससे हजारों योग्य युवा लंबे समय से असमंजस में है.

भर्ती से जुड़ा हजारों युवाओं का भविष्य

युवक मुकुल कुमार, दिनेश कुमार, प्रिया, रेखा, गुलशन, लोकेश, कर्मबीर, अमित कुमार व सुधीर ने कहा कि रोजगार न मिलने की वजह से वे आर्थिक, मानसिक एवं सामाजिक रूप से पीछे रह गए हैं. बहुत से परिवारों की आजीविका इस भर्ती प्रक्रिया पर निर्भर करती है. यह विषय केवल भर्ती तक सीमित नहीं है बल्कि यह हजारों युवाओं के भविष्य का सवाल है. अभ्यर्थियों की ओर से मानव संसाधन विभाग के 14 जनवरी 2026 के लेटर का हवाला देते हुए कहा कि सभी विभागों से वास्तविक रिक्त पदों का विवरण एक हफ्ते के अंदर अपलोड करवाया गया था.

यह भी पढ़े -  HSSC ने CET अभ्यर्थियों को दी बड़ी राहत, दोबारा शुरू हुई बायोमेट्रिक सत्यापन प्रक्रिया

राज्य सरकार के पास है जानकारी

यह जानकारी इकट्ठी होकर मुख्य सचिव कार्यालय एवं मानव संसाधन विभाग के पास पहुंच भी चुकी है. राज्य सरकार के पास ग्रुप-डी के रिक्त पदों की जानकारी मौजूद है. ज्ञापन के साथ ग्रुप-डी के खाली पदों से संबंधित विस्तृत जानकारी की टेबल भी लगाई गई है, जिसमें गैर-जॉइनिंग, रोके गए पद, प्रमाण-पत्र संबंधी प्रकरण, बोर्ड, निगम एवं आयोगों के पदों सहित सभी कारणों से उत्पन्न रिक्तियों की जानकारी दी गई है. इन युवाओं का कहना है कि सरकार की तरफ से ग्रुप डी के खाली पदों की लिस्ट जारी की जाए ताकि उन्हें भी रोजगार मिल सके.

Avatar of Deepika Bhardwaj
Deepika Bhardwaj
View all posts

मेरा नाम दीपिका भारद्वाज है. पिछले साढ़े 5 साल से Haryana E Khabar वेबसाइट पर राइटर का काम कर रही हूँ. मैं यहाँ हरियाणा व दिल्ली में निकली सरकारी और प्राइवेट नौकरी से जुड़ी जानकारी साझा कर रही हूँ.