महेंद्रगढ़ | दक्षिण हरियाणा की महेंद्रगढ़ विधानसभा क्षेत्र की जनता के लिए नए साल पर एक अच्छी खबर सामने आई है. स्थानीय बीजेपी विधायक कंवर सिंह यादव के अथक प्रयासों से हल्के की 17 ग्राम पंचायतों के कच्चे रास्तों को पक्का करने की मंजूरी मिल गई है. इससे लोगों को आवागमन में सुविधा होगी और उनका सफर आसान व सुरक्षित बनेगा.
किसानों ने जताई खुशी
महेंद्रगढ़ विधानसभा क्षेत्र से बीजेपी विधायक कंवर सिंह यादव ने बताया कि लंबे समय से किसान इन कच्चे रास्तों को पक्का करने की मांग उठा रहे थे क्योंकि उन्हें खेतों के लिए आवाजाही करने में परेशानी झेलनी पड़ रही थी. खासकर बारिश के दिनों में कीचड़ होने से यह परेशानी और ज्यादा बढ़ जाती थी लेकिन अब इन रास्तों के पक्का होने से आवाजाही आसान व सुरक्षित हो सकेगी.
किसानों के लिए मंडियों में फसल लेकर जाने में सुविधा होगी. इस मंजूरी के लिए विधायक ने सूबे की नायब सैनी सरकार का आभार व्यक्त किया. वहीं, पक्के रास्तों का तोहफा मिलने पर किसानों ने खुशी जाहिर करते हुए विधायक कंवर सिंह यादव का आभार व्यक्त किया.
इन गांवों के रास्ते होंगे पक्के
जिन ग्राम पंचायतों के रास्तों को पक्का करने की मंजूरी मिली है उनमें आदलपुर, पाली, देवनगर, निंभेहड़ा, पालड़ी पनिहारा, खुड़ाना, झूक, देवास, नांगल सिरोही, बेरी, जोनावास, कोथल कलां, माजरा खुर्द, गढ़ी, श्यामपुरा और डिगरोता गांव शामिल हैं.
विधायक कंवर सिंह यादव ने कहा कि महेंद्रगढ़ विधानसभा क्षेत्र में विकास कार्यों की कोई कमी नहीं छोड़ी जाएगी. आमजन को बिजली-पानी, पक्की सड़कें, स्कूल, अस्पताल, पार्क, सीवरेज व्यवस्था, पेयजलापूर्ति जैसी बुनियादी सुविधाओं का लाभ देना सरकार की सबसे बड़ी प्राथमिकता है और इस दिशा में निरंतर नए प्रयास किए जा रहे हैं. पूरे क्षेत्र का एक समान विकास करने की दिशा में काम किया जा रहा है.
