दिल्ली में आज भी 18 मेट्रो स्टेशन बंद, DMRC ने जारी की नई एडवाइजरी

नई दिल्ली | राजधानी दिल्ली में जंतर-मंतर पर जारी प्रदर्शन के चलते दिल्ली मेट्रो रेल कॉर्पोरेशन (DMRC) ने शनिवार को भी 18 मेट्रो स्टेशनों को बंद रखने का फैसला किया है. सुरक्षा कारणों से यह कदम दिल्ली पुलिस के निर्देश पर उठाया गया है. वहीं संवेदनशील इलाकों में पुलिस सुरक्षा भी बढ़ा दी गई है. शुक्रवार को लगातार तीसरे दिन कई प्रमुख मेट्रो स्टेशनों पर एंट्री और एग्जिट बंद रहे.

Metro

सुबह लोक कल्याण मार्ग, राजीव चौक, पटेल चौक, मंडी हाउस और केंद्रीय सचिवालय समेत 17 स्टेशन बंद थे. दोपहर करीब 1:30 बजे नई दिल्ली मेट्रो स्टेशन को भी बंद कर दिया गया. इसके साथ ही, नई दिल्ली स्टेशन पर इंटरचेंज सुविधा भी अस्थायी रूप से रोक दी गई.

बस स्टॉप पर भीड़

मेट्रो स्टेशन बंद होने से नई दिल्ली रेलवे स्टेशन और एयरपोर्ट जाने वाले यात्रियों को सबसे अधिक परेशानी का सामना करना पड़ा. कई यात्री स्टेशनों के बाहर सुरक्षा कर्मियों से जानकारी लेते नजर आए जबकि बस स्टॉप पर भीड़ बढ़ गई. बुधवार को 16, गुरुवार को 17 और शुक्रवार को 18 मेट्रो स्टेशन बंद रहे. शनिवार को भी यही व्यवस्था लागू रहेगी. मालवीय नगर से यात्रा कर रहे अर्जुन पांडे ने बताया कि उन्हें चेन्नई की फ्लाइट पकड़नी थी लेकिन नई दिल्ली मेट्रो स्टेशन और इंटरचेंज बंद होने की सूचना उन्हें करीब 20 मिनट पहले मिली. इसके बाद, उन्हें वैकल्पिक साधन तलाशने पड़े और कैब मिलने में भी दिक्कत हुई.

अपडेट जांचने की सलाह

गाजियाबाद से पहुंचे श्रमिक अमित कुमार ने पटेल चौक स्टेशन के बाहर अपनी परेशानी जाहिर करते हुए कहा कि मेट्रो बंद होने से रोजी-रोटी कमाने में मुश्किल हो रही है. हालांकि, शुक्रवार शाम करीब 5:28 बजे मंडी हाउस और केंद्रीय सचिवालय मेट्रो स्टेशन के गेट दोबारा खोल दिए गए थे. पुलिस और DMRC ने यात्रियों को यात्रा से पहले मेट्रो की ताजा अपडेट जांचने की सलाह दी है.

यह भी पढ़े -  रेलवे ने रद्द की कई ट्रेनें, दिल्ली- एनसीआर समेत हजारों यात्रियों पर असर
Avatar of Sanjukta Pandit
Sanjukta Pandit
View all posts

मेरा नाम संयुक्ता पंडित है. मै हरियाणा ई खबर में बतौर एडिटर के पोस्ट पर लगभग 4 सालों से काम रही हूँ. मेरी हमेशा कोशिश रहती है आप लोगो तक ब्रेकिंग न्यूज़ जल्द से जल्द अपडेट करूं और न्यूज़ में कोई व्याकरण की गलती न हो.