दिल्ली में बदल गए 2 मेट्रो स्टेशनों के नाम, 7 के नामों में किया गया संशोधन

नई दिल्ली | राष्ट्रीय राजधानी दिल्ली की लाइफलाइन मानी जाने वाली मेट्रो से जुड़ी एक नई अपडेट सामने आई है. बता दें कि मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता की अध्यक्षता वाली राज्य नामकरण ऑथोरिटी ने 9 मेट्रो स्टेशनों के नाम में बदलाव कर दिया है. मुख्यमंत्री कार्यालय की ओर से दी गई जानकारी के अनुसार, ऑथोरिटी द्वारा 21 मेट्रो स्टेशनों के नाम में बदलाव के प्रस्तावों पर विचार किया गया था जिसमें से 12 में कोई बदलाव नहीं किया गया है जबकि 7 में मामूली फेरबदल किया गया है और 2 मेट्रो स्टेशनों को पूरी तरह से नया नाम दिया गया है.

Metro

मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता ने कहा कि इन मेट्रो स्टेशनों के नए नामों का चयन इस तरह से किया गया है जिससे यात्रियों के बीच भ्रम की स्थिति न हो और संबंधित क्षेत्र की भौगोलिक पहचान पूरी तरह से स्पष्ट रहे.

इन मेट्रो स्टेशनों के नाम में बदलाव

मुख्यमंत्री ने बताया कि मेट्रो स्टेशनों के नाम में बदलाव करते समय स्थानीय पहचान, ऐतिहासिक, सामाजिक और सांस्कृतिक महत्व के साथ जनप्रतिनिधियों और नागरिकों के सुझाव को ध्यान में रखा गया है. 2 मेट्रो स्टेशन के नाम बदलने पर मुहर लगाई गई है. इनमें नॉर्थ पीतमपुरा मेट्रो स्टेशन का नाम बदलकर हैदरपुर गांव किया गया है. वहीं, पीतमपुरा का नाम बदलकर मधुबन चौक कर दिया गया है.

यह भी पढ़े -  20 जुलाई से शुरू होगा संसद का मानसून सत्र, इन बड़े मुद्दों पर होगी बहस

इन मेट्रो स्टेशनों के नाम में मामूली बदलाव

दिल्ली सरकार ने बताया कि 7 मेट्रो स्टेशन के नाम में मामूली बदलाव किया गया है. इनमें प्रशांत विहार का नाम बदलकर उत्तरी पीतमपुरा- प्रशांत विहार, जगतपुर को जगतपुर- वजीराबाद, डेरावल नगर को नानक प्याऊ- डेरावल नगर, सोनिया विहार को नानकसर- सोनिया विहार, मयूर विहार पॉकेट- 1 को श्री राम मंदिर मयूर विहार, खानपुर को खानपुर- वायुसैनाबाद और वेस्ट एन्क्लेव को मंगोलपुर कलां- वेस्ट एन्क्लेव किया गया है.

Avatar of Ajay Sehrawat
Ajay Sehrawat
View all posts

मेरा नाम अजय सहरावत है. मीडिया जगत में पिछले 6 साल से काम कर रहा हूँ. बीते साढ़े 5 साल से Haryana E Khabar डिजिटल न्यूज़ वेबसाइट के लिए बतौर कंटेंट राइटर के पद पर काम कर रहा हूँ.